scorecardresearch
 

पुडुचेरी में फिर से रंगासामी सरकार, राष्ट्रपति ने नियुक्ति किया CM, आ गई शपथग्रहण की तारीख

केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी में फिर से एनडीए सरकार के गठन का रास्ता साफ हो गया है. राष्ट्रपति ने एन रंगास्वामी को पुडुचेरी का मुख्यमंत्री नियुक्त कर दिया है. यह नियुक्ति शपथग्रहण से प्रभावी होगी.

Advertisement
X
जारी हुई एन रंगास्वामी की सीएम पोस्ट पर नियुक्ति की अधिसूचना (Photo: ITG)
जारी हुई एन रंगास्वामी की सीएम पोस्ट पर नियुक्ति की अधिसूचना (Photo: ITG)

केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी में एन रंगासामी की अगुवाई में नई सरकार के गठन का रास्ता साफ हो गया है. एन रंगासामी ने उपराज्यपाल के कैलाशनाथन से मुलाकात कर सरकार बनाने का दावा पेश किया था. राष्ट्रपति की ओर से एन रंगासामी को पुडुचेरी का मुख्यमंत्री नियुक्त किए जाने को लेकर गृह मंत्रालय ने अधिसूचना जारी कर दी है.

गृह मंत्रालय की ओर से जारी अधिसूचना के मुताबिक राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने एन रंगासामी को पुडुचेरी का मुख्यमंत्री नियुक्त कर दिया है. इस अधिसूचना में एन रंगासामी की मुख्यमंत्री के पद पर यह नियुक्ति उनके शपथग्रहण की तारीख से प्रभावी होने की बात भी कही गई है. सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक एन रंगासामी 13 मई को पुडुचेरी के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे.

केंद्र सरकार की ओर से नियुक्ति के संबंध में अधिसूचना जारी किए जाने के बाद पुडुचेरी के उपराज्यपाल के कैलाशनाथन ने एन रंगासामी को सरकार बनाने के लिए औपचारिक निमंत्रण दे दिया है. एन रंगासामी का बतौर मुख्यमंत्री यह पांचवां कार्यकाल होगा. नई सरकार के गठन से पहले एन रंगासामी चार बार केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी में सरकार की अगुवाई कर चुके हैं.

यह भी पढ़ें: पुडुचेरी में तट्टनचावडी से रंगासामी ने दर्ज की जीत, पारंपरिक सीट पर दबदबा कायम

Advertisement

वह केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी की निवर्तमान सरकार में मुख्यमंत्री भी हैं. गौरतलब है कि पुडुचेरी में 30 सदस्यों वाली विधानसभा के लिए नौ अप्रैल को मतदान हुआ था. चुनाव नतीजे 4 मई को आए थे. इन चुनावों में एन रंगास्वामी की अगुवाई वाली ऑल इंडिया एनआर कांग्रेस को 12 सीटों पर जीत मिली. एनआर कांग्रेस ने कुल 16 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारे थे. 10 सीटों पर चुनाव लड़ने वाली उसकी सहयोगी बीजेपी को चार सीटों पर जीत मिली.

यह भी पढ़ें: खुले EVM, निकले 'विजय'... तमिलनाडु में TVK की बंपर जीत, पुडुचेरी में फिर NDA सरकार

पुडुचेरी में एनआर कांग्रेस की अगुवाई वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) अन् घटक दल एआईएडीएमके और लाचिया जननायगा काची (एलजेके) भी एक-एक सीट जीतने में सफल रहे. इस तरह से एनडीए के खाते में 18 सीटें आईं, जो बहुमत के लिए जरूरी 16 सीट के जादुई आंकड़े से दो ज्यादा है. विपक्ष की बात करें, तो डीएमके को पांच, कांग्रेस को एक और नवगठित टीवीके को दो सीटों पर जीत मिली है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement