
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को तीन दिन की आधिकारिक यात्रा पर सेशेल्स पहुंचे. वहां उन्होंने कोस्ट गार्ड को 'मेड इन इंडिया' फास्ट पेट्रोल वेसल सौंपा. इसके साथ ही उन्होंने द्वीपों वाले इस देश की समुद्री सुरक्षा क्षमताओं को मजबूत करने के लिए भारत की प्रतिबद्धता को दोहराया.

सेशल्स इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर राष्ट्रपति पैट्रिक हर्मिनी ने हाई-लेवल डेलिगेशन के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का शानदार स्वागत किया. इस दौरान पीएम मोदी को औपचारिक 'गार्ड ऑफ ऑनर' भी दिया गया.
पीएम मोदी ने बताया, एयरपोर्ट पर हर्मिनी द्वारा किए गए स्वागत के लिए मैं उनका आभारी हूं. सेशेल्स हिंद महासागर में हमारा एक अहम समुद्री साझेदार और करीबी दोस्त है.

यह भी पढ़ें: सेशेल्स में दुनिया के सबसे बुजुर्ग कछुए से मिले PM मोदी, 'जोनाथन' के बारे में जानिए
इस बीच पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट किया कि 'सेशेल्स कोस्ट गार्ड को फास्ट पेट्रोल वेसल 'लेस्पवार' सौंपना रक्षा और समुद्री सुरक्षा के क्षेत्र में भारत-सेशेल्स की बढ़ती साझेदारी में एक और अहम माइलस्टोन है.'
उन्होंने कहा, 'यह क्षमता-निर्माण की उन पहलों की कड़ी में सबसे नया कदम है जो सेशेल्स की सुरक्षा प्राथमिकताओं का समर्थन करने के लिए भारत की अटूट प्रतिबद्धता को दर्शाती हैं.'
वहीं, विदेश मंत्रालय के अनुसार PM मोदी ने 6 एम्बुलेंस, 10 यूटिलिटी वाहन और पांच लेजर रेडियल बोट भी सौंपीं, जो सेशेल्स के विकास और सुरक्षा में और योगदान देंगी.
इस यात्रा के दौरान, PM मोदी राष्ट्रपति पैट्रिक हर्मिनी के साथ बातचीत करेंगे और 'गेस्ट ऑफ ऑनर' के तौर पर सेशेल्स के नेशनल डे के गोल्डन जुबली समारोह में शामिल होंगे.
इससे पहले पीएम मोदी ने आखिरी बार 2015 में सेशेल्स का दौरा किया था, जबकि राष्ट्रपति हर्मिनी ने इस साल की शुरुआत में भारत का दौरा किया था.
नेशनल बॉटनिकल गार्डन का दौरा
PM मोदी ने सेशेल्स नेशनल बॉटनिकल गार्डन का दौरा किया. यहां प्रधानमंत्री ने पृथ्वी पर सबसे बड़ी और सबसे लंबे समय तक जीवित रहने वाली कछुओं की प्रजातियों को देखा. PM मोदी ने एक्स पर लिखा कि अल्डाब्रा जायंट टॉर्टोइज का भारत और सेशेल्स के बीच विशेष मित्रता से भी संबंध है.
इसके अलावा प्रधानमंत्री मोदी ने सेशेल्स नेशनल बॉटनिकल गार्डन में राष्ट्रपति डॉ. पैट्रिक हर्मिनी के साथ वृक्षारोपण समारोह में भी भाग लिया. उन्होंने बताया हमने आइकॉनिक 'कोको डी मेर' का पौधा लगाया, जो सेशेल्स की खासियत माना जाता है.