संसद के मॉनसून सत्र का तीसरा सप्ताह सोमवार से शुरू होने जा रहा है. सरकार इस सप्ताह अपने बिल पेश करने के एजेंडे को रफ्तार देने की तैयारी में है. वहीं, राज्यसभा और लोकसभा में विपक्षी दलों के फ्लोर लीडर्स की बैठक, 3 अगस्त 2026 को सुबह 10 बजे संसद में राज्यसभा में विपक्ष के नेता के कार्यालय में होगी.
इस बैठक में चल रहे सत्र के दौरान अपनाई जाने वाली भविष्य की रणनीति पर चर्चा की जाएगी. यह भी चर्चा है कि केंद्र सरकार सदन में FCRA बिल को पटल पर रख सकती है. हालांकि परिसीमन बिल पर अभी भी संशय बना हुआ है.
बीते दो हफ्ते हंगामेदार रही सदन की कार्रवाई
संसद के मानसून सत्र का तीसरा सप्ताह सोमवार से शुरू हो रहा है. पिछले दो सप्ताह तक विपक्ष के हंगामे के कारण सदन की कार्यवाही लगातार बाधित रही. विपक्ष ने नीट और अन्य भर्ती परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों, जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर पुलिस कार्रवाई और राम मंदिर चंदा विवाद जैसे मुद्दों को लेकर सरकार को घेरा था. अब सरकार की कोशिश है कि सदन सुचारु रूप से चले ताकि लंबित विधेयकों को पारित कराया जा सके.
लोकसभा में केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह भारतीय सांख्यिकी संस्थान विधेयक, 2026 (The Indian Statistical Institute Bill, 2026) पेश करेंगे. वहीं वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण बैंकर्स बुक्स एविडेंस विधेयक, 2026 (The Bankers’ Books Evidence Bill, 2026) को सदन में पेश करेंगी.
कई और विधेयक हो सकते हैं पेश
राज्यसभा में केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम विकास (संशोधन) विधेयक, 2026 (Micro, Small and Medium Enterprises Development (Amendment) Bill, 2026) को विचार और पारित कराने के लिए सदन में पेश करेंगे.
सरकारी सूत्रों का कहना है कि केंद्र सरकार चाहती है कि विपक्ष सदन की कार्यवाही चलने दे, ताकि महत्वपूर्ण विधेयकों पर चर्चा और मतदान कराया जा सके. इससे पहले संसद के दोनों सदनों ने राष्ट्रीय सम्मान के अपमान की रोकथाम (संशोधन) विधेयक, 2026 और लोक परीक्षा (अनुचित साधनों की रोकथाम) संशोधन विधेयक, 2026 को पारित किया था. सरकार अब तीसरे सप्ताह में अन्य अहम विधेयकों को भी आगे बढ़ाने की तैयारी में है.