scorecardresearch
 

Newswrap: पढ़ें, सोमवार शाम की पांच बड़ी खबरें...

पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में एक बार फिर टीएमसी और बीजेपी कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हो गई है. इससे पहले सोमवार को पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने ऐलान किया है कि वो नंदीग्राम से विधानसभा चुनाव लड़ेंगी.

Advertisement
X
ममता बनर्जी, मुख्यमंत्री, पश्चिम बंगाल (फाइल फोटो)
ममता बनर्जी, मुख्यमंत्री, पश्चिम बंगाल (फाइल फोटो)

पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में एक बार फिर टीएमसी और बीजेपी कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हो गई है. इससे पहले सोमवार को पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने ऐलान किया है कि वो नंदीग्राम से विधानसभा चुनाव लड़ेंगी. वहीं सैफ अली खान और डिंपल कपाड़िया की मल्टी-स्टारर वेब सीरीज तांडव को लेकर बवाल छिड़ा हुआ है. इधर महाराष्ट्र पंचायत चुनाव में बड़ा उलटफेर देखने को मिल रहा है. वहीं गणतंत्र दिवस के मौके पर इस बार कुल 42 विमान परेड का हिस्सा होंगे. पढ़ें सोमवार शाम की पांच बड़ी खबरें...

1. कोलकाताः शुभेंदु अधिकारी के रोड शो में हंगामा, TMC-बीजेपी कार्यकर्ताओं में भिड़ंत 

पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) और भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के कार्यकर्ताओं में झड़प हो गई है. बीजेपी साउथ कोलकाता में रोड शो कर रही थी, उसी दौरान टीएमसी महिला विंग ने काले झंडे दिखाए. इसके बाद दोनों दलों के कार्यकर्ताओं में झड़प हो गई. बताया जा रहा है कि साउथ कोलकाता में बीजेपी के रोड शो में बड़ा हंगामा हो गया है.

2. नंदीग्राम से चुनाव लड़ेंगी ममता बनर्जी, शुभेंदु के गढ़ में रैली कर दिखाई ताकत

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने ऐलान किया है कि वो इस बार नंदीग्राम से विधानसभा चुनाव लड़ेंगी. भारतीय जनता पार्टी और तृणमूल कांग्रेस के बीच जारी राजनीतिक जंग को लेकर ममता के इस ऐलान के कई मायने निकाले जा रहे हैं. इससे पहले ममता बनर्जी भवानीपुर से चुनाव लड़ती आई हैं.

Advertisement

3. सैफ अली खान की सीरीज पर शहर-शहर 'तांडव', सूचना प्रसारण मंत्रालय ले सकता है एक्शन!

तांडव वेब सीरीज को लेकर हो रहे विवाद पर सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय में आज बैठक हुई. सरकार पहले ही साफ कह चुकी है कि OTT प्लेटफॉर्म पर दिखाए जाने वाले फिल्म या कंटेंट को लेकर सेल्फ रेगुलेशन कोड बनाएं. अगर OTT प्लेटफार्म अपने लिए सेल्फ रेगुलेशन कोड नहीं बनाते हैं तो फिर सरकार कोड बनाने पर विचार कर सकती है.

4. महाराष्ट्र पंचायत चुनाव में बड़ा उलटफेर, कई दिग्गज नहीं बचा पाए अपना गढ़

महाराष्ट्र में 34 जिलों में 12,711 ग्राम पंचायत चुनाव में अभी तक के आए नतीजों में शिवसेना 532 सीटों पर जीत दर्ज कर चुकी है जबकि बीजेपी भी पांच सौ ग्राम पंचायत सीटों पर जीत दर्ज कर चुकी है. एनसीपी के खाते में 372, कांग्रेस के खाते में 360 जबकि अन्य के खाते में 645 सीट जा चुकी है. इस बार के पंचायत चुनाव में कई बड़े उलटफेर देखने को मिल रहे हैं, कई दिग्गज को अपने दुर्ग में हार का मुंह देखना पड़ा है.

5. गणतंत्र दिवस के मौके पर गरजेगा राफेल, परेड में शामिल होंगे सुखोई, मिग समेत 42 विमान

गणतंत्र दिवस की परेड को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं. 26 जनवरी को होने वाली परेड में इस बार राफेल का भी प्रदर्शन किया जाएगा. भारतीय वायुसेना परेड के दौरान मेक इन इंडिया थीम के तहत अहम लड़ाकू विमानों का प्रदर्शन करेगी. यह पहली बार होगा जब राफेल का प्रदर्शन सार्वजनिक तौर पर किया जाएगा.

Advertisement

 

Advertisement
Advertisement