scorecardresearch
 

'मैंने अपनी बेटी खोई और उन्होंने कुर्सी...', आरजी कर रेप पीड़िता की मां का ममता बनर्जी पर वार

बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी संग बैठक के बाद पत्रकारों से बात करते हुए रत्ना देबनाथ ने कहा कि विधायक बनने के बावजूद उनके जीवन की सारी खुशी खत्म हो गई है और उनका एकमात्र लक्ष्य अपनी बेटी को न्याय दिलाना है.

Advertisement
X
रत्ना देबनाथ ने ममता बनर्जी पर निशाना साधा है. (Photo: PTI)
रत्ना देबनाथ ने ममता बनर्जी पर निशाना साधा है. (Photo: PTI)

कोलकाता के आरजी कर रेप पीड़िता की मां और बीजेपी विधायक रत्ना देबनाथ ने सोमवार को बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी से मुलाकात की. इस मुलाकात के बाद उन्होंने सोशल मीडिया पर टीएमसी प्रमुख ममता बनर्जी पर उनकी चुनावी हार को लेकर कटाक्ष किया.

पानीहाटी सीट से विधायक रत्ना देबनाथ ने कहा कि मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी से मुलाकात की. उन्होंने पोस्ट कर कहा कि आज मैंने नबन्ना की 14वीं मंजिल पर मुख्यमंत्री के साथ बैठक की. ईमानदारी की ताकत बहुत बड़ी होती है. अन्याय के खिलाफ धैर्य से लड़ना पड़ता है. आज ममता (बनर्जी) और मैं दोनों ही शोक में हैं. मैंने अपनी इकलौती बेटी खो दी है और खुद को लोगों की सेवा में समर्पित कर दिया है और उन्होंने अपनी कुर्सी खो दी है.

रत्ना ने कहा कि ममता बनर्जी और उनकी टीम को और भी दुखद परिणाम भुगतने होंगे, बस इंतजार करना होगा. बता दें कि कोलकाता हाईकोर्ट ने इस मामले में पिछले हफ्ते सीबीआई की तीन सदस्यीय एसआईटी का गठन करने का आदेश दिया था.  इस घटना ने राज्य ही नहीं बल्कि पूरे देश के डॉक्टर समुदाय में भी व्यापक आक्रोश पैदा किया था.

Advertisement

देबनाथ ने बार-बार आरोप लगाया है कि इस मामले में कई लोग प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से शामिल हैं और सभी संदिग्धों को जांच के दायरे में नहीं लाया गया है. सूत्रों के अनुसार, उन्होंने पहले भी मुख्यमंत्री अधिकारी को एक सीलबंद पत्र भेजकर उन लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी जिन्हें वह जांच के दायरे में लाना चाहती हैं.

इस बैठक के बाद पत्रकारों से बात करते हुए देबनाथ ने कहा कि विधायक बनने के बावजूद उनके जीवन की सारी खुशी खत्म हो गई है और उनका एकमात्र लक्ष्य अपनी बेटी को न्याय दिलाना है.

उन्होंने कहा कि मैं भले ही विधायक बन गई हूं लेकिन मेरे जीवन से सारी खुशी चली गई है. मेरा एकमात्र उद्देश्य न्याय है, जो नाम मैंने मुख्यमंत्री को सौंपे थे, वे पहले भी जांच एजेंसियों को दिए जा चुके हैं.

उन्होंने और उनके पति ने इस मामले की जांच को लेकर पहले की तृणमूल सरकार और पुलिस की कार्यशैली पर लगातार सवाल उठाए थे. हाल के चुनाव प्रचार के दौरान टीएमसी ने उन पर ममता बनर्जी के खिलाफ आपत्तिजनक भाषा इस्तेमाल करने का आरोप लगाया था और चुनाव आयोग में शिकायत भी दर्ज कराई थी.

बता दें कि नौ अगस्त 2024 को कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल की तीसरी मंजिल पर सेमिनार हॉल में पोस्ट-ग्रेजुएट ट्रेनी डॉक्टर का शव मिला था. उसकी बलात्कार के बाद बर्बरता पूर्वक हत्या की गई थी. कोलकाता पुलिस ने अपने सिविक वालंटियर संजय रॉय को पीड़िता के साथ बलात्कार के बाद हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया था.

Advertisement

पश्चिम बंगाल चुनावों में तृणमूल कांग्रेस की हार के बाद बीजेपी सरकार ने घोषणा की थी कि मामले की जांच में तेजी लाई जाएगी और न्याय सुनिश्चित किया जाएगा.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement