सुप्रीम कोर्ट के रुख के बाद मध्य प्रदेश में राज्यसभा चुनाव के नतीजे निर्विरोध तय हो गए हैं. कांग्रेस उम्मीदवार मीनाक्षी नटराजन का नामांकन पत्र रिटर्निंग ऑफिसर के खारिज कर दिए जाने के बाद, राज्य की तीसरी राज्यसभा सीट पर मुकाबला भी समाप्त हो गया है.
नामांकन प्रक्रिया के दौरान, भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने कांग्रेस उम्मीदवार पर हलफनामे में आपराधिक मामले/कोर्ट नोटिस की जानकारी छिपाने का आरोप लगाया था. आपत्तियों की जांच और सुनवाई के बाद उनका पर्चा निरस्त कर दिया गया. इसके साथ ही, बीजेपी के तीनों उम्मीदवारों तरुण चुघ, रजनीश अग्रवाल और महेश केवट का निर्विरोध राज्यसभा सांसद निर्वाचित हो गए हैं.
जानकारी के मुताबिक, बीजेपी के तीनों उम्मीदवार जीत का सर्टिफिकेट हासिल कर लिया है. बीजेपी के तीनो उम्मीदवार निर्विरोध राज्यसभा पहुंच गए हैं.
यह भी पढ़ें: झारखंड राज्यसभा चुनाव को लेकर हाई वोल्टेज ड्रामा! परिमल नाथवानी के नामांकन पर कांग्रेस ने उठाए सवाल
सुप्रीम कोर्ट में जस्टिस प्रशांत कुमार मिश्रा और जस्टिस अतुल एस चंदूरकर की पीठ ने मीनाक्षी नटराजन की याचिका में रिटर्निंग ऑफिसर के नामांकन रद्द करने के आदेश पर रोक लगाने की गुहार लगाई थी. पीठ ने सुप्रीम कोर्ट के पुराने आदेश का हवाला देते हुए कहा कि चुनावी प्रक्रिया के दौरान अदालत को दखल नहीं देना चाहिए.
हालांकि मीनाक्षी के वकील अभिषेक मनु सिंघवी ने दलील दी कि अदालत चुनाव होने दे और रिजल्ट घोषित करने पर अपने आदेश का कैप लगा दे. लेकिन अदालत ने दलील दरकिनार कर दी.
गुजरात राज्यसभा चुनाव
गुजरात में राज्यसभा की चार सीटों के लिए हुए चुनाव में बीजेपी के सभी चार उम्मीदवार निर्विरोध निर्वाचित हो गए हैं. राजू शुक्ल, मानसिंह परमार, मुकेश राठवा और जितेंद्र कंजारिया ने जीत दर्ज की है.
इसके साथ अब राज्यसभा में गुजरात से 11 सांसद है, सभी सांसद बीजेपी के हैं. साल 2029 मे अब अगले राज्यसभा चुनाव होंगे तब तक गुजरात से कांग्रेस का कोई भी सांसद नहीं होगा.
बता दें, राजस्थान में भी तीनों राज्यसभा उम्मीदवार निर्विरोध चुनाव जीते हैं. दो सीटों पर बीजेपी के सतीश पुनिया और अल्का गुर्जर और एक सीट पर कांग्रेस के नीरज डांगी चुनाव जीत गए हैं.
अरुणाचल प्रदेश की एकमात्र राज्यसभा सीट के लिए बीजेपी उम्मीदवार निर्विरोध चुने गए. अरुणाचल प्रदेश के वरिष्ठ बीजेपी नेता ताई तागाक को राज्यसभा के लिए निर्विरोध चुना गया है.
कर्नाटक राज्यसभा चुनाव
कर्नाटक से राज्यसभा चुनाव लड़ रहे सभी चार उम्मीदवार गुरुवार को निर्विरोध निर्वाचित घोषित किए गए. कांग्रेस नेता मल्लिकार्जुन खड़गे, पवन खेड़ा, मंसूर खान और बीजेपी समर्थित एम. नागराजू निर्विरोध राज्यसभा सदस्य चुने गए. कर्नाटक विधानसभा के सचिव और रिटर्निंग ऑफिसर के. एम. विशालाक्षी ने आधिकारिक तौर पर चार उम्मीदवारों के चुने जाने की घोषणा की और सर्टिफिकेट सौंपे.
बता दें, ओडिशा से बीजेपी उम्मीदवार देबाशीष सामंतराय भी गुरुवार को निर्विरोध राज्यसभा के लिए चुने गए हैं.
आंध्र प्रदेश: NDA के चारों उम्मीदवार निर्विरोध जीते
एनडीए के सभी चार उम्मीदवार, जिनमें टीडीपी के तीन और जनसेना के एक उम्मीदवार शामिल हैं, गुरुवार को आंध्र प्रदेश से राज्यसभा के लिए निर्विरोध निर्वाचित हो गए हैं. रिटर्निंग ऑफिसर आर. वनिता रानी ने बाशम रामकृष्ण, लिंगमनेनी रमेश, चिंताकायला विजय और सना सतीश बाबू के निर्वाचन की आधिकारिक घोषणा की. रामकृष्ण, विजय और सना सतीश टीडीपी से हैं, वहीं रमेश जन सेना से हैं.