संसद के चालू बजट सत्र का दूसरा हाफ चल रहा है. बजट सत्र के दूसरे हाफ के इस नए हफ्ते की शुरुआत हंगामे के साथ हुई है. लोकसभा में विपक्ष के सदस्यों ने एलपीजी क्राइसिस पर चर्चा की मांग करते हुए जोरदार हंगामा किया. विपक्ष के हंगामे के बीच ही स्पीकर ओम बिरला ने सदन में आज की कार्यसूची में दर्ज बिजनेस लिए. लिस्टेड बिजनेस जब लिए जा रहे थे, स्पीकर ने रक्षा खडसे का नाम लेते हुए उन्हें खड़गे कह दिया.
लोकसभा में प्रश्नकाल के बाद लिस्टेड बिजनेस लिए जा रहे थे. इसी दौरान स्पीकर ओम बिरला ने चेयर से कहा- आइटम नंबर 16 श्रीमती रक्षा खड़गे. स्पीकर के इतना बोलने के बाद अपनी जगह खड़ी हुई रक्षा खडसे ने मुस्कराते हुए कहा- सर खडसे हूं मैं. रक्षा खडसे ने इसके बाद अपने नाम के आगे दर्ज प्रपत्र सदन पटल पर रखा. इस दौरान रक्षा खडसे के आसपास बैठे सदस्य भी मुस्कराते नजर आए.
यह भी पढ़ें: 'यूपी के छात्रों ने क्या अपराध किया है', सपा सांसद की लोकसभा में मांग- जल्द कराएं छात्रसंघ चुनाव
इससे पहले, प्रश्नकाल के दौरान भी सत्तापक्ष और विपक्ष के सदस्यों के बीच तल्खी नजर आई. तल्खी और जोरदार हंगामे के कारण लोकसभा की कार्यवाही लिस्टेड बिजनेस लिए जाने के बाद लोकसभा की कार्यवाही थोड़ी देर के लिए स्थगित करनी पड़ी. लोकसभा स्पीकर ओम बिरला ने सदन की कार्यवाही 12.30 बजे तक के लिए स्थगित करने की घोषणा कर दी.
यह भी पढ़ें: 'बैंकों की हालत सुधारने में IBC का बड़ा रोल', लोकसभा में बैंकरप्सी बिल पर बोलीं वित्त मंत्री
दोपहर 12 बजकर 30 मिनट पर लोकसभा की कार्यवाही जब दूसरी बार शुरू हुई, तब जाकर वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने सदन में बैंकरप्सी बिल पर हुई चर्चा का जवाब दिया. वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा कि भारतीय बैंकिंग सेक्टर की सेहत सुधारने में बैंकरप्सी बिल 2016 की अहम भूमिका रही है. उन्होंने बैंकरप्सी बिल पर चर्चा के दौरान सदस्यों की ओर से उठाई गई चिंताओं का भी जवाब दिया.