केरल के कोच्चि स्थित कोचीन इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर कस्टम विभाग ने सोने की तस्करी के एक बड़े मामले का खुलासा करते हुए तमिलनाडु के एक पति-पत्नी को गिरफ्तार किया है. एक एजेंसी के मुताबिक दोनों के पास से करीब 2 करोड़ रुपये मूल्य का 24 कैरेट सोना बरामद किया गया, जिसे गोल्ड पेस्ट के रूप में बेहद शातिर तरीके से छिपाकर लाया जा रहा था.
वेस्टबैंड में छिपाकर रखा गया था सोने का पेस्ट
अधिकारियों के मुताबिक गिरफ्तार किए गए यात्रियों की पहचान तमिलनाडु के पुडुकोट्टई जिले के रहने वाले 26 वर्षीय रिफनास हामिद मोहम्मद शरीफ और उनकी 23 वर्षीय पत्नी जानोफर कादर बीवी उमर फारूक के रूप में हुई है. दोनों सोमवार को अबू धाबी से एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट के जरिए कोच्चि पहुंचे थे.
कस्टम अधिकारियों को दोनों की गतिविधियों पर संदेह हुआ, जिसके बाद उन्हें रोककर जांच की गई. तलाशी के दौरान अधिकारियों ने पाया कि दंपति ने सोने के पेस्ट को अपनी-अपनी पतलून की सिली हुई कमरबंद (वेस्टबैंड) के भीतर बड़ी सफाई से छिपा रखा था, ताकि सुरक्षा जांच में पकड़ में न आए.
नेटवर्क का पता लगाने में जुटी एजेंसियां
कस्टम विभाग ने बताया कि बरामद गोल्ड पेस्ट से कुल 1,353.92 ग्राम 24 कैरेट सोना निकाला गया. जब्त किए गए सोने की अनुमानित कीमत 1,93,55,640 रुपये आंकी गई है. पूरे सोने को सीमा शुल्क अधिनियम के तहत जब्त कर लिया गया है.
अधिकारियों ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है. जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि यह तस्करी किसी संगठित नेटवर्क का हिस्सा थी या दोनों अपने स्तर पर सोना लेकर आए थे. कस्टम विभाग ने कहा कि मामले की विस्तृत जांच जारी है और पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.