केरलम में भारी बारिश और आपदा के बीच मुख्यमंत्री वी डी सतीशन के दो कार्यक्रमों में जाने की तस्वीरें वायरल होने के बाद नया विवाद खड़ा हो गया है. विपक्ष ने तीखा हमला बोलते हुए कहा कि राज्य में लोग बाढ़ से जूझ रहे हैं, जबकि ये कार्यक्रमों में घूम रहे हैं. एक तरफ आम जनता कुदरत की मार झेल रही है, तो दूसरी तरफ उनके एक आयोजन में शामिल होने और कोच्चि में ज्वैलरी शोरूम का फीता काटने की तस्वीरें सामने आई हैं. वहीं, राहुल गांधी ने केरलम में हुई तबाही पर दुख जताया है.
पूरा मामला मलप्पुरम में यूथ लीग के एक नेता के घर आयोजित दावत से जुड़ा है. इस कार्यक्रम का वीडियो फैसल बाफाकी थंगल ने सोशल मीडिया पर साझा किया. पोस्ट में लिखा गया कि मुख्यमंत्री उनके घर दोस्ताना मुलाकात के लिए पहुंचे थे. वीडियो सामने आने के बाद कई लोगों ने इसकी आलोचना की और सवाल उठाया कि जब राज्य के कई हिस्से बारिश की मार झेल रहे थे, तब ऐसे कार्यक्रम में शामिल होना कितना उचित था.
ज्वैलरी शोरूम का फीता काटने पर भड़का विपक्ष
विवाद अभी थमा भी नहीं था कि कोच्चि से एक और तस्वीर सामने आ गई. सतीशन वहां एक भव्य ज्वैलरी शोरूम का उद्घाटन करने पहुंचे थे. इस कदम ने आग में घी डालने का काम किया. विरोधी दलों ने इस पर सख्त ऐतराज जताया है. उनका कहना है कि जब आम नागरिक राहत शिविरों में दिन गुजार रहे हैं, तब ऐसी प्राथमिकताओं पर गंभीर सवाल उठते हैं.
सीपीएम सांसद ए ए रहीम ने भी फेसबुक पोस्ट लिखकर तीखी प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा कि शुरू में तस्वीरों पर यकीन करना मुश्किल था, सच जानने के लिए वीडियो की जांच करनी पड़ी. जिस समय अलग-अलग जिलों में हजारों नागरिक आपदा से जूझ रहे थे, उस वक्त ऐसे कार्यक्रमों में शामिल होना पूरी तरह से गलत समय पर लिया गया फैसला है.
राहुल गांधी ने जताया दुख
इस आपदा के बीच राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट लिखकर केरलम में भारी बारिश से हुई तबाही पर गहरा दुख जताया. हादसों में अपनी जान गंवाने वाले आठ लोगों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए उन्होंने लापता लोगों के सुरक्षित मिलने, घायलों के जल्द ठीक होने की उम्मीद जताई.
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रभावित परिवारों की मदद, राहत बचाव कामों में पूरी ताकत से जुटी हुई है. इसके साथ ही उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं, वॉलिंटियर्स से राहत अभियानों में बढ़-चढ़कर मदद करने की अपील की. पहाड़ी इलाकों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह देते हुए उन्होंने कहा कि इस मुश्किल घड़ी में पूरा केरलम एक साथ खड़ा है, वह हर पीड़ित परिवार के साथ मजबूती से खड़े हैं.