scorecardresearch
 

मंदिर में उत्सव के बीच हाथी का हमला, युवक को सूंड से उठा- उठाकर पटका

केरल के अन्नमनाडा महादेव मंदिर में वलियाविलक्कु उत्सव के दौरान एक पालतू हाथी ने अचानक एक युवक पर हमला कर दिया. 26 वर्षीय विवेक को सूंड से उठाकर जमीन पर पटक दिया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया. उसे तुरंत अंगमाली के अपोलो एडलक्स अस्पताल में भर्ती कराया गया. घटना के बाद मंदिर की रस्में अस्थायी रूप से रोक दी गईं. 

Advertisement
X
मंदिर में उत्सव के बीच हाथी का हमला, युवक को सूंड से उठा- उठाकर पटका (Photo: itg)
मंदिर में उत्सव के बीच हाथी का हमला, युवक को सूंड से उठा- उठाकर पटका (Photo: itg)

केरल में मंदिर उत्सव के दौरान एक हादसे ने श्रद्धालुओं को दहला दिया. त्रिशूर जिले के अन्नमनाडा महादेव मंदिर में आयोजित वलियाविलक्कु उत्सव के दौरान एक पालतू हाथी ने अचानक एक युवक पर हमला कर दिया. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, 26 वर्षीय विवेक को हाथी ने अपनी सूंड से उठाकर जमीन पर पटक दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया.

घटना उस समय हुई जब वलियाविलक्कु समारोह के तहत शीवेली जुलूस की तैयारियां चल रही थीं. इसी बीच प्रसिद्ध पंचारीमेलम की शुरुआत होने वाली थी, जिसका नेतृत्व पेरुवनम कुट्टन मरार करने वाले थे. समारोह शुरू होने से ठीक पहले हुए इस हमले से वहां अफरा-तफरी मच गई. श्रद्धालु और आयोजक तुरंत घायल युवक की सहायता के लिए दौड़े.

विवेक को मौके से तत्काल अंगमाली स्थित अपोलो एडलक्स अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार जारी है. अस्पताल सूत्रों के मुताबिक उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है, हालांकि डॉक्टरों की टीम लगातार निगरानी में रखे हुए है.

घटना के बाद मंदिर प्रशासन ने एहतियातन उत्सव की सभी रस्मों को अस्थायी रूप से रोक दिया. हाथी को फिलहाल मंदिर परिसर के भीतर ही नियंत्रित स्थिति में रखा गया है. सूचना मिलते ही माला पुलिस मौके पर पहुंची और सुरक्षा व्यवस्था संभाली. भीड़ को नियंत्रित करने के साथ-साथ अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात किया गया.

Advertisement

इसके अलावा वन विभाग की एलीफेंट स्क्वॉड टीम को भी बुलाया गया. विशेषज्ञों ने हाथी को शांत करने और सुरक्षित तरीके से बाहर ले जाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है.  

 

---- समाप्त ----

TOPICS:
Advertisement
Advertisement