scorecardresearch
 

वेस्टर्न डिस्टर्बेंस से मॉनसून की विदाई में देरी! दिल्ली-UP समेत 14 राज्यों में बारिश-तूफान का IMD अलर्ट

मॉनसून की वापसी भले ही शुरू हो गई हो, लेकिन देश के कई हिस्सों में बारिश का दौर अभी जारी है. मौसम विभाग ने 8 अक्टूबर को कई राज्यों में बारिश, आंधी, बिजली गिरने और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है. पहाड़ों पर बारिश के साथ बर्फबारी और मैदानी इलाकों में बदलते तापमान से मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है.

Advertisement
X
मौसम विभाग ने 8 अक्टूबर 2026 को कई राज्यों में बारिश, आंधी, बिजली गिरने और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया. (File Photo: PTI)
मौसम विभाग ने 8 अक्टूबर 2026 को कई राज्यों में बारिश, आंधी, बिजली गिरने और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया. (File Photo: PTI)

मॉनसून की विदाई शुरू हो चुकी है, लेकिन देश के कई हिस्सों में बारिश का दौर अभी खत्म होने वाला नहीं है. मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, अगले कुछ दिनों में कई राज्यों में बारिश, आंधी, बिजली गिरने और तेज हवाओं का असर देखने को मिल सकता है. पहाड़ी इलाकों में बारिश के साथ ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी भी शुरू हो गई है. वहीं, मैदानी इलाकों में दिन के समय गर्मी बनी हुई है, लेकिन सुबह और रात के तापमान में गिरावट से हल्की ठंड का अहसास होने लगा है.

मौसम विभाग ने 8 अक्टूबर को देश के 14 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में बारिश और आंधी-तूफान की संभावना जताई है. दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश, हरियाणा और पंजाब में कुछ जगहों पर हल्की बारिश हो सकती है. उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, केरल, तमिलनाडु और पुडुचेरी में कुछ जगहों पर भारी बारिश हो सकती है. वहीं जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश, बिहार और झारखंड में मध्यम बारिश के आसार हैं.

एक साथ कई वेदर सिस्टम एक्टिव

मौसम में इस बदलाव के पीछे एक नहीं, बल्कि कई एक्टिव वेदर सिस्टम जिम्मेदार हैं. वेस्टर्न डिस्टर्बेंस की वजह से उत्तर भारत में मौसम बदल रहा है. इसके अलावा पाकिस्तान, बंगाल की खाड़ी और बिहार-झारखंड के आसपास अलग-अलग साइक्लोनिक सर्कुलेशन बने हुए हैं. इनकी वजह से अरब सागर और बंगाल की खाड़ी से नमी खिंचकर कई इलाकों तक पहुंच रही है. हरियाणा से लेकर गंगा के मैदानी इलाकों और पश्चिम बंगाल तक एक ट्रफ लाइन बनी हुई है. इससे बादल बनने और ऊपर की ओर हवा उठने की स्थिति बन रही है. दक्षिण भारत में भी अलग-अलग ट्रफ लाइन एक्टिव हैं, जिनके चलते कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु और केरल में बारिश का दौर जारी रह सकता है.

Advertisement

12 अक्टूबर तक बदलता रहेगा मौसम

उत्तर भारत में जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा और दिल्ली में अगले कुछ दिनों तक बारिश की संभावना है. यह गतिविधियां करीब 12 अक्टूबर तक बनी रह सकती हैं. पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 8 से 9 अक्टूबर और पूर्वी उत्तर प्रदेश में 8 से 10 अक्टूबर के बीच बारिश हो सकती है. उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में बारिश के साथ तेज हवाएं और बिजली गिरने की भी आशंका है. ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी का असर भी देखने को मिल सकता है. 8 और 9 अक्टूबर को उत्तराखंड में कुछ जगहों पर भारी बारिश के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं. हिमाचल प्रदेश में भी 8 और 9 अक्टूबर को आंधी और बिजली गिरने की चेतावनी है.

यूपी के 64 जिलों में बिजली का अलर्ट

उत्तर प्रदेश में बुधवार को मौसम ने अचानक करवट ली. तराई और पूर्वांचल के कई जिलों में तेज हवा, गरज-चमक और मध्यम से भारी बारिश हुई. इससे कई जगह दिन के तापमान में गिरावट दर्ज की गई. तेज हवाओं का असर भी कई जिलों में दिखा. वाराणसी में हवा की रफ्तार 80 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच गई. मिर्जापुर में 52 और गोरखपुर में 42 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चलीं. राज्य के 64 जिलों में गुरुवार को गरज और बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया गया है.

Advertisement

बहराइच, लखीमपुर खीरी और पीलीभीत समेत आसपास के इलाकों में बारिश के साथ आंधी की संभावना है. कुछ इलाकों में हवा की रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा रह सकती है और झोंकों के दौरान यह 50 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है. लखनऊ से लगे इलाकों में भी मध्यम से तेज बारिश, आंधी और बिजली गिरने की आशंका है. पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में 8 अक्टूबर को मौसम खराब रह सकता है, जबकि राज्य में कुछ जगहों पर 10 अक्टूबर तक छिटपुट बारिश जारी रह सकती है.

दिल्ली-NCR में बादल और हल्की बारिश

दिल्ली-एनसीआर में 8 अक्टूबर को आसमान में बादल छाए रह सकते हैं. कुछ इलाकों में हल्की बारिश भी हो सकती है. अधिकतम तापमान करीब 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. 9 अक्टूबर को अधिकतम तापमान करीब 32 डिग्री और न्यूनतम 23 डिग्री सेल्सियस रह सकता है. राजधानी और आसपास के इलाकों में आंधी और बिजली गिरने की संभावना को देखते हुए लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है. हरियाणा, पंजाब और चंडीगढ़ में भी 8 से 13 अक्टूबर के बीच मौसम बदलता रह सकता है. पंजाब में 8 अक्टूबर को तेज हवाएं चल सकती हैं. हरियाणा और दिल्ली में भी कुछ जगहों पर आंधी और बिजली गिरने की आशंका है.

Advertisement

बिहार-झारखंड से बंगाल तक होगी बारिश

बिहार में 8 से 10 अक्टूबर के बीच कुछ इलाकों में बारिश हो सकती है. 8 अक्टूबर को आंधी, बिजली और तेज हवाओं की संभावना भी जताई गई है. झारखंड में 8 अक्टूबर को कई इलाकों में बारिश हो सकती है. यहां तेज हवाओं के साथ आंधी और बिजली गिरने की भी आशंका है. 8 और 9 अक्टूबर को हवा की रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा रह सकती है. ओडिशा में 8 से 13 अक्टूबर तक बारिश का दौर बना रह सकता है. 8 अक्टूबर को तेज हवाओं के साथ आंधी और बिजली गिरने की संभावना है. पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भी अगले कुछ दिनों तक बारिश जारी रह सकती है. 8 अक्टूबर को कुछ जगहों पर भारी बारिश की संभावना है.

राजस्थान में 11-12 अक्टूबर से मौसम बदलेगा

राजस्थान में फिलहाल ज्यादातर हिस्सों में मौसम गर्म और शुष्क बना हुआ है. हालांकि 11 और 12 अक्टूबर को एक वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के एक्टिव होने से उत्तर-पश्चिमी राजस्थान में मौसम बदल सकता है. उत्तर राजस्थान के कुछ हिस्सों में बादल छाने के साथ हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है. इसके बाद तापमान में 2 से 3 डिग्री तक गिरावट आने की संभावना है. 12 अक्टूबर के बाद रातों में ठंड का असर बढ़ सकता है, खासकर शेखावाटी और बीकानेर संभाग में. दक्षिण और पश्चिम राजस्थान में फिलहाल मौसम के शुष्क रहने का अनुमान है. गुजरात और मध्य प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में भी अगले कुछ दिनों तक गर्म और शुष्क मौसम बना रह सकता है.

Advertisement

मध्य भारत में भी बारिश और आंधी

छत्तीसगढ़ और पूर्वी मध्य प्रदेश में 8 से 9 अक्टूबर के बीच कुछ जगहों पर बारिश हो सकती है. छत्तीसगढ़ में 8 अक्टूबर को तेज हवाओं के साथ आंधी और बिजली गिरने की संभावना है. हवा की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा और झोंकों में 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है. विदर्भ में भी कुछ इलाकों में बारिश और आंधी की संभावना है. महाराष्ट्र के बाकी हिस्सों में मौसम ज्यादातर शुष्क रह सकता है, हालांकि कोंकण और गोवा तथा मध्य महाराष्ट्र में कुछ जगहों पर बारिश हो सकती है.

दक्षिण भारत में बारिश का दौर जारी

दक्षिण भारत में मॉनसून अभी सक्रिय बना हुआ है. आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, केरल और तमिलनाडु के कई हिस्सों में अगले कुछ दिनों तक बारिश हो सकती है. केरल और माहे में 8 से 11 अक्टूबर के बीच कई जगहों पर बारिश की संभावना है. तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में भी 8 से 13 अक्टूबर तक बारिश और आंधी का असर रह सकता है. केरल और तमिलनाडु में 8 से 10 अक्टूबर के बीच कुछ जगहों पर भारी बारिश हो सकती है. तटीय आंध्र प्रदेश और रायलसीमा में 8 से 9 अक्टूबर तक आंधी, बिजली और तेज हवाओं का अनुमान है. कर्नाटक के भी कई हिस्सों में 8 से 13 अक्टूबर के बीच बारिश हो सकती है.

Advertisement

पूर्वोत्तर में भी बारिश का सिलसिला

पूर्वोत्तर भारत के कई राज्यों में भी बारिश का दौर जारी रहेगा. अरुणाचल प्रदेश में 8 से 10 अक्टूबर तक बारिश हो सकती है. असम और मेघालय में 8 से 11 अक्टूबर के बीच बारिश का अनुमान है. नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 8 से 13 अक्टूबर तक कुछ जगहों पर बारिश हो सकती है. असम, मेघालय और इन राज्यों में कुछ जगहों पर आंधी और बिजली गिरने की भी संभावना है.

मॉनसून की वापसी के बावजूद बारिश क्यों?

दक्षिण-पश्चिम मॉनसून की वापसी शुरू हो चुकी है, लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि पूरे देश में तुरंत बारिश बंद हो जाएगी. इस समय अलग-अलग हिस्सों में वेस्टर्न डिस्टर्बेंस, साइक्लोनिक सर्कुलेशन और ट्रफ लाइन जैसे एक्टिव वेदर सिस्टम बारिश के लिए अनुकूल माहौल बना रहे हैं. अगले 2-3 दिनों में महाराष्ट्र और छत्तीसगढ़ के कुछ और हिस्सों के साथ तेलंगाना और उत्तर आंतरिक कर्नाटक से भी मॉनसून की आगे वापसी के लिए परिस्थितियां अनुकूल हो सकती हैं. यानी एक तरफ मॉनसून देश के बाकी हिस्सों से विदा होता जाएगा, वहीं दूसरी तरफ कुछ राज्यों में स्थानीय वेदर सिस्टम बारिश कराते रहेंगे.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement