चुनाव आयोग (ECI) में पारदर्शी तरीके से कामकाज सुनिश्चित करने के लिए कई बदलाव किए गए हैं. अब आयोग की बैठकों का एजेंडा पहले से साझा किया जा रहा है और बैठकों के मिनट्स भी जारी किए जा रहे हैं. पहले यह प्रक्रिया नहीं अपनाई जा रही थी. इसके अलावा, आयोग में काम करने वाले अधिकारियों को अब विदेश यात्रा पर जाने के लिए मंजूरी लेनी होगी, जबकि पहले ऐसी मंजूरी नहीं ली जाती थी.
नए आईटी मॉड्यूल को भी पहले एक कमेटी के पास भेजा जाएगा और फिर उसे चुनाव आयोग के सामने रखा जाएगा. पहले यह मुद्दा चुनाव आयुक्तों और मुख्य चुनाव आयुक्त के बीच विवाद की वजह बना था.
वहीं, एसआईआर (SIR) के लिए ऑनलाइन फॉर्म से घोषणा पत्र का विकल्प हटा दिया गया है. यह बदलाव उन सभी राज्यों में किया गया है, जहां एसआईआर की प्रक्रिया अभी जारी है. अब यह घोषणा ऑनलाइन फॉर्म का हिस्सा नहीं होगी, बल्कि इसके लिए अलग से घोषणा पत्र जारी किया गया है.