दिल्ली-एनसीआर में मंगलवार को हुई बारिश ने मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल दिया. दोपहर के समय शुरू हुई बारिश के साथ कई इलाकों में तेज हवाएं भी चलीं, जिससे लोगों को उमस और गर्मी से बड़ी राहत मिली. राजधानी के सेंट्रल विस्टा और रायसीना हिल्स एरिया में भी बारिश का सुंदर नजारा देखने को मिला. काले बादलों से घिरे आसमान और हल्की से मध्यम बारिश ने पूरे इलाके को मानसूनी रंग में रंग दिया.
बारिश से मौसम हुआ सुहाना
बारिश के दौरान राष्ट्रपति भवन और आसपास के क्षेत्र में हरियाली के बीच गिरती बारिश की बूंदों से बड़ा ही मनमोहक नजारा देखने को मिला. वहीं, कई इलाकों में वाहन चालकों को धीमी रफ्तार से सफर करना पड़ा. हालांकि, बारिश के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई और मौसम काफी सुहावना हो गया. बारिश से जहां लोगों ने राहत की सांस ली, वहीं कुछ जगहों पर जलभराव और ट्रैफिक की समस्या भी देखने को मिली. दफ्तरों से लौटने वाले लोगों को भी कई मार्गों पर धीमी आवाजाही का सामना करना पड़ा.
मौसम में आए इस बदलाव के बाद लोग पार्कों और खुले इलाकों में बारिश का आनंद लेते नजर आए. दिल्ली-एनसीआर में मॉनसून की सक्रियता बढ़ने के साथ आने वाले दिनों में भी रुक-रुक कर बारिश होने की संभावना जताई जा रही है. फिलहाल, बारिश ने राजधानी की तपिश को कम कर मौसम को खुशनुमा बना दिया है.
दिल्ली-एनसीआर में मंगलवार तड़के झमाझम बारिश हुई और कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई. मौसम विभाग ने पूरे इलाके के लिए येलो अलर्ट जारी किया है. विभाग का कहना है कि आसमान में बादल छाए रहेंगे और रुक-रुक कर बारिश का दौर अगले कुछ दिनों तक जारी रह सकता है. दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद, फरीदाबाद और गुरुग्राम के लिए येलो वॉच जारी है. दिन भर मध्यम बारिश के दौर और कुछ जगहों पर गरज के साथ बारिश की संभावना जताई गई है. राष्ट्रीय राजधानी के वसंत विहार रिंग रोड से बारिश के दृश्य भी सामने आए हैं.

दिल्ली के 70 प्रतिशत इलाके में झमाझम बारिश
मौसम विभाग के मुताबिक दिल्ली के 60-70% भौगोलिक हिस्से में हल्की से मध्यम बारिश या गरज के साथ बौछारें हुईं. अधिकतम तापमान 31°C से 33°C के बीच बना हुआ है, जबकि न्यूनतम तापमान 23°C से 25°C तक जा रहा है. दिन का तापमान कुछ कम रहने के बावजूद नमी 75% से 95% के बीच है, जिससे बारिश रुकने के दौरान उमस महसूस हो सकती है. लगातार मानसूनी बारिश की वजह से एक्यूआई 78 के साथ संतोषजनक श्रेणी में बना हुआ है.
मौसम विभाग के दिल्ली क्षेत्रीय केंद्र ने अचानक तेज बारिश के दौर की वजह से लोगों को हल्की ट्रैफिक चेक कर घर से निकलने की सलाह दी गई है. निचले इलाकों और बड़े अंडरपास के पास जलभराव से ट्रैफिक की रफ्तार धीमी पड़ सकती है. उत्तर प्रदेश के मथुरा में भारी बारिश के बाद सड़कों पर पानी भर गया है. कई इलाकों में जलभराव के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा. सड़कों पर जमा पानी से वाहनों की आवाजाही भी प्रभावित हुई.

मौसम विभाग ने 4 अगस्त के लिए दिल्ली-एनसीआर के साथ देश के 17 राज्यों के लिए भी चेतावनी जारी की है. जहां राष्ट्रीय राजधानी में हल्की से मध्यम बारिश की तैयारी है, वहीं पूर्वोत्तर भारत के पहाड़ी इलाकों में बेहद तेज मानसूनी गतिविधि का अनुमान है. फिलहाल दिल्ली-एनसीआर में बारिश, बादल, उमस और ट्रैफिक पर असर, यही दिन भर की सबसे बड़ी तस्वीर बनी हुई है.