कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने बीजेपी की कथित ‘ऑपरेशन लोटस’ की रणनीति पर जमकर निशाना साधा है. उन्होंने इसे ‘ऑपरेशन कीचड़’ बताते हुए कहा कि जहां कमल नहीं खिल पा रहा है, वहां भाजपा कीचड़ फैला रही है.
पवन खेड़ा ने बीजेपी के ऑपरेशन लोटस पर निशाना साधते हुए सोमवार को कहा, जहां पहले कमल नहीं खिल पाया, वहां कीचड़ फैलाया जा रहा है- ऑपरेशन कीचड़... उनके अहम को इतनी चोट लगी कि 400 का नारा देकर 240 पर अटक गए तो अब सांसद खरीद रहे हैं?
उन्होंने सवाल करते हुए कहा कि ऐसा क्यों कर रहे हो? किस पर भरोसा नहीं है?... क्या सरकारें इसलिए होती हैं कि सांसद और विधायक खरीदें?
कांग्रेस नेता ने दावा किया कि झारखंड, मध्य प्रदेश समेत हर जगह खरीद-फरोख्त हो रही है.
क्या है ऑपरेशन लोटस
आपको बता दें कि ऑपरेशन लोटस अक्सर उस वक्त चर्चा में आता है, जब कई राज्यों में कांग्रेस या अन्य विपक्षी दलों के विधायक, सांसद टूट कर बीजेपी की ओर आ जाते हैं. इस पूरे घटना क्रम को विपक्षी दल ऑपरेशन लोटस करार देते हैं और बीजेपी पर निशाना साधते हैं.