बिहार के समस्तीपुर में शाहपुर पटोरी रेलवे स्टेशन पर एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया. एक परिवार शादी समारोह से लौट रहा था. प्लेटफॉर्म नंबर 2 पर खड़े इस परिवार को जब पता चला कि उनकी ट्रेन प्लेटफॉर्म नंबर 1 पर आ रही है, तो शॉर्टकट के चक्कर में वे रेलवे ट्रैक पार करने लगे. तभी अचानक मालगाड़ी ट्रेन चल पड़ी. यह देखकर वहां मौजूद लोगों की सांसें थम-सी गईं. यह देखने और सुनने के बाद लोग 'जाको राखे साइयां मार सके न कोय' कहावत को याद कर चर्चा कर रहे हैं कि भगवान ने कैसे चार जिंदगियों को बचा लिया.
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि महिलाओं ने सूझबूझ का परिचय देते हुए बच्चे को पकड़कर प्लेटफॉर्म की दीवार से चिपक गईं. इस दौरान मालगाड़ी के दस डिब्बे इन लोगों के ठीक ऊपर से गुजर गए. इस क्रम में एक महिला को चोट भी लगी, जिससे वह मामूली रूप से घायल हुई.
कैसे हुआ हादसा?
बताते चलें कि रोसड़ा से एक परिवार के 6 लोग वैशाली जिले के जंदाहा में शादी समारोह में गए थे. शादी में शामिल होने के बाद ये सभी ऑटो से समस्तीपुर जिले के पटोरी रेलवे स्टेशन पहुंचे थे. इन्हें हाजीपुर होते हुए रोसड़ा लौटना था. ये सभी प्लेटफॉर्म नंबर-2 पर थे.
इस बीच, पता चला कि हाजीपुर जाने वाली ट्रेन प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर आएगी. इस पर सभी पटरी पार कर प्लेटफॉर्म नंबर-1 की ओर जाने लगे. दो लोग प्लेटफॉर्म पर चले गए, जबकि 3 महिलाएं और एक बच्चा पीछे रह गए.
प्लेटफॉर्म की दीवार बनी 'ढाल'
इसी बीच अचानक मालगाड़ी ट्रेन तेज रफ्तार से गुजरने लगी. यह देख महिलाओं ने सूझबूझ दिखाते हुए प्लेटफॉर्म की दीवार से चिपक गईं. खास बात यह रही कि महिलाएं अपने बच्चे को लगातार पकड़े रही. मालगाड़ी के दस डिब्बे इनके ठीक ऊपर से गुजर गए.
इस दौरान मालगाड़ी के डिब्बों में लगे लोहे से महिलाओं को चोटें लगती रहीं, जिससे वे मामूली रूप से घायल हो गईं. घायलों को पटोरी अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया. देखें VIDEO:-
घायलों में रोसड़ा की रहने वाली सोनाली देवी, जयमाला देवी, ममता देवी और एक बच्चा शामिल हैं.
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
इस घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है. कोई इसे मां की ममता से जोड़कर कमेंट कर रहा है तो कोई इसे लापरवाही मान रहा है.
बहरहाल, चार लोगों की जिंदगियां बच गईं, इसकी भी खूब चर्चा हो रही है. आपसे अपील है कि इस तरह रेल पटरी पार कर अपने अनमोल जीवन को जोखिम में न डालें.