बेगूसराय में गंगा नदी का जलस्तर बढ़ने से रिंग बांध करीब 30 मीटर तक टूट गया. बांध टूटने से तेज बहाव के साथ पानी रानी तीन पंचायत के घरों में घुस आया. गांवों की सड़कें जलमग्न हो गई हैं. वहीं, सैकड़ों एकड़ फसल डूब गई है. बांध टूटने की सूचना मिलते ही प्रशासन और फ्लड विभाग की टीमें तुरंत मौके पर पहुंच गई हैं. बांध की मरम्मत का काम भी शुरू हो गया है.
बछवारा प्रखंड के दो गांवों के बीच बना जमींदारी बांध अचानक टूट गया. सोमवार तड़के करीब 3-4 बजे के बीच अचनाक रिंग बांध का करीब 30 मीटर का हिस्सा तेज बहाव में बह गया. वीडियो में नजर आ रहा है कि कैसे जमींदारी बांध गंगा के तेज बहाव में बहा. बांध टूटने की सूचना पर प्रशासन तुरंत मौके पर पहुंचा. फ्लड विभाग द्वारा मरम्मत का काम भी शुरू कर दिया गया है.
जानकारी के मुताबिक, फ्लड विभाग की टीम रात 12 बजे बांध का निरीक्षण करके गई थी. बताया जा रहा है, सुबह बांध किनारे एक ताड़ का पेड़ गिर गया. इसकी जड़ जमींदारी बांध के अंदर तक थी, जिसके कारण बांध का करीब 30 मीटर हिस्सा टूट कर बह गया. बांध के टूटने से सैकड़ों एकड़ फसल डूब गई. वहीं, रानी गांव में गंगा नदी का पानी घुस आया है. लोगों के घरों तक पानी आ गया है, जिसके कारण उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. गुप्ता लख्मीनिया बांध पर भी पानी का दबाव बढ़ गया है.
स्थानीय लोगों की मांग है कि जल्द से जल्द जमींदारी बांध को ठीक कराया जाए. जिससे गुप्ता लख्मीनिया बांध से पानी का दबाव कम हो सके. रानी तीन पंचायत के मुखिया अमरजीत राय का कहना है कि बांध का हिस्सा टूटने के कारण कई गांव भी इसकी चपेट में आ सकते है. उनका कहना है कि उन्होंने प्रशासन को सूचित कर दिया है. तटबंधों की मरम्मत का काम जारी है.
यह भी पढ़ें: गांव बाढ़ में घिरा था... घर का दरवाजा उखाड़ा, उसी को नाव बनाकर प्रेग्नेंट पत्नी को पहुंचाया अस्पताल
पानी बढ़ने के कारण सड़क का एक हिस्सा भी टूट गया है, जिससे ग्रामीणों की आवाजाही प्रभावित हो रही है. फिलहाल स्थानीय स्तर स्थिति पर नजर रखी जा रही है.