असम विधानसभा चुनाव में BJP नेतृत्व वाले एनडीए की शानदार जीत के बाद आज हिमंता बिस्वा सरमा लगातार दूसरी बार राज्य के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेंगे. इसके बाद ही सरमा असम के पहले गैर-कांग्रेसी नेता होंगे जो लगातार दूसरी बार मुख्यमंत्री पद संभाल रहे हैं. शपथ ग्रहण समारोह में हिमंता के साथ चार अन्य विधायकों को भी मंत्री पद की शपथ दिलाई जाएगी.
राज्यपाल लक्ष्मण प्रसाद आचार्य वेटरनरी फील्ड, खानापारा में सुबह 11:40 बजे हिमंता बिस्वा सरमा और चार अन्य विधायकों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाएंगे. इस समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय मंत्री और बीजेपी शासित राज्यों के मुख्यमंत्री मौजूद रहेंगे.
कैबिनेट में अनुभवी चेहरों की वापसी
आज शपथ लेने वाले चार मंत्रियों में से तीन- अजंता नियोग, अतुल बोरा और चरण बोरो पिछली सरकार में भी कैबिनेट का हिस्सा थे. अजंता नियोग वित्त मंत्रालय संभाल चुकी हैं, जबकि अतुल बोरा कृषि और चरण बोरो परिवहन मंत्री थे. वहीं, पूर्व केंद्रीय मंत्री रामेश्वर तेली की राज्य की राजनीति में वापसी हुई है.
अधिकारियों के मुताबिक, नए मंत्रिमंडल में कुल 18 से 19 मंत्री हो सकते हैं, जिनके नामों पर चर्चा के लिए बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन सोमवार रात ही गुवाहाटी पहुंच चुके हैं.
खानापारा में भव्य समारोह
शपथ ग्रहण समारोह के लिए गुवाहाटी के खानापारा में विशेष तैयारियां की गई हैं. इस ऐतिहासिक पल का गवाह बनने के लिए एक लाख से अधिक लोगों के आने की संभावना है, जिनमें बीजेपी के पंचायत अध्यक्ष और सदस्य शामिल हैं. मुख्य सचिव रवि कोटा के निर्देशन में विभिन्न विभाग व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दे रहे हैं. सुरक्षा के लिहाज से पूरे गुवाहाटी में कड़े पहरे लगाए गए हैं और केंद्रीय व राज्य पुलिस बल हर गतिविधि पर पैनी नजर रख रहे हैं.
NDA की प्रंचड जीत
असम विधानसभा चुनाव 2026 में बीजेपी के नेतृत्व वाले एनडीए ने विपक्ष का सूपड़ा साफ करते हुए 102 सीटों पर कब्जा किया है. इसमें बीजेपी ने अकेले 82 सीटें जीती हैं, जो बहुमत के आंकड़े से कहीं अधिक है. सहयोगी दल एजीपी और बीपीएफ ने भी 10-10 सीटों पर जीत दर्ज की. ये राज्य में एनडीए की लगातार तीसरी सरकार है, जिसकी शुरुआत 2016 में सर्बानंद सोनोवाल के नेतृत्व में हुई थी. हिमंता बिस्वा सरमा का दोबारा मुख्यमंत्री बनना राज्य में बीजेपी के बढ़ते दबदबे और उनके मजबूत नेतृत्व पर जनता की मुहर को दिखाता है.