scorecardresearch
 

पहले बताए थे 4, अब 10 हाथी दांत का खुलासा... एक्टर मोहनलाल का बड़ा कबूलनामा

मलयालम अभिनेता मोहनलाल ने केरल वन विभाग के सामने अपने पास 10 हाथी दांत और हाथी दांत से बनी 13 मूर्तियां होने की घोषणा की है. ये खुलासा वन विभाग की एमनेस्टी स्कीम के तहत किया गया है. मोहनलाल पर पहले से ही अवैध वन्यजीव सामग्री रखने का मामला दर्ज है. उनके पास मिली मूर्तियों में भगवान कृष्ण, राम और तिरुपति बालाजी की प्रतिमाएं शामिल हैं.

Advertisement
X
मोहनलाल ने पहले 4 हाथी दांत होने की बात कही थी. (Photo- ITGD)
मोहनलाल ने पहले 4 हाथी दांत होने की बात कही थी. (Photo- ITGD)

मलयालम फिल्मों के दिग्गज अभिनेता मोहनलाल ने बताया है कि उनके पास 10 हाथी दांत और हाथी दांत से बनी 13 मूर्तियां हैं. उन्होंने केरल वन विभाग के सामने खुद ये घोषणा की है. बता दें कि मोहनलाल पर पहले से ही वन्यजीव सामग्री के अवैध कब्जे से जुड़ा एक मामला दर्ज है.

मलयाट्टूर डिवीजनल फॉरेस्ट ऑफिस के अधिकारियों ने सोमवार को बताया कि अभिनेता ने वन विभाग की 'एमनेस्टी स्कीम' के तहत ये खुलासा किया है. इस योजना के तहत आम लोगों को अपने पास मौजूद वन्यजीव सामग्रियों को घोषित करने की छूट दी जाती है ताकि वो कानूनी कार्रवाई से बच सकें.

मोहनलाल ने पहले अपने पास सिर्फ चार हाथी दांत होने की घोषणा की थी, लेकिन अब उन्होंने 6 और हाथी दांत होने का खुलासा किया है. उनके पास से 13 हाथी दांत की मूर्तियां भी मिली हैं. 

मोहनलाल के पास से जो हाथी दांत की 13 मूर्तियां मिली हैं, उनमें भगवान कृष्ण, भगवान राम और तिरुपति बालाजी की मूर्तियां शामिल हैं. इन सभी मूर्तियों का वजन लगभग 46 किलोग्राम है. मोहनलाल ने दावा किया है कि उनके पास मौजूद ज्यादातर हाथी दांत उन्हें विरासत में मिले हैं या फिर तोहफे में दिए गए हैं. वन विभाग अब इन सभी हाथी दांतों और मूर्तियों की असलियत की जांच करने के लिए इनका DNA टेस्ट कराएगा.

Advertisement

2011 में आयकर छापे के बाद दर्ज हुआ था केस

दरअसल साल 2011 में आयकर विभाग ने मोहनलाल के घरों पर छापेमारी की थी. इस छापे के दौरान उनके घर से हाथी दांत और उससे बनी मूर्तियां बरामद हुई थीं. इसके बाद, वन विभाग ने वैध अनुमति के बिना हाथी दांत के दो जोड़े रखने के आरोप में मोहनलाल के खिलाफ मामला दर्ज किया था.

हाई कोर्ट से लग चुका है झटका

बाद में केरल सरकार ने मोहनलाल के खिलाफ दर्ज इस मामले को वापस लेने की कोशिश की थी, लेकिन ट्रायल कोर्ट ने सरकार के इस कदम को खारिज कर दिया था. इसके बाद केरल हाई कोर्ट ने भी निचली अदालत के फैसले को बरकरार रखा और निर्देश दिया कि एक्टर के खिलाफ कानूनी कार्यवाही जारी रहनी चाहिए. 

यह भी पढ़ें: हाथ में फावड़ा-चेहरे पर टेंशन, क्या छिपा रहा दृश्यम 3 का जॉर्ज कुट्टी? इस दिन आएगा मोहनलाल की फिल्म का टीजर

पिछले साल केरल हाई कोर्ट ने एक बड़ा फैसला सुनाते हुए मोहनलाल के पास मौजूद हाथी दांत की सामग्रियों के स्वामित्व प्रमाण पत्र को रद्द कर दिया था. कोर्ट ने सरकार के उस पुराने आदेश को भी खारिज कर दिया था, जिसके तहत मोहनलाल को ये हाथी दांत अपने पास रखने की अनुमति दी गई थी. फिलहाल मोहनलाल चार हाथी दांतों के अवैध कब्जे को लेकर वन्यजीव मामले में मुकदमे का सामना कर रहे हैं.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement