तृणमूल कांग्रेस के सांसद अभिषेक बनर्जी के बैंक अकाउंट को लेकर चल रहा विवाद फिलहाल खत्म होता नजर आ रहा है. बैंक ने कलकत्ता हाईकोर्ट को जानकारी दी है कि अभिषेक बनर्जी का निजी बैंक अकाउंट अब फिर से नॉर्मल कर दिया गया है. बैंक ने कोर्ट के सामने सफाई देते हुए कहा कि अकाउंट को बंद करने के पीछे ग्राहक को परेशान करने की कोई मंशा नहीं थी.
अभिषेक बनर्जी ने अपने निजी बैंक अकाउंट को फ्रीज किए जाने के बाद हाईकोर्ट का रुख किया था. मामला उस समय सामने आया, जब सुप्रीम कोर्ट की अनुमति के बाद उन्हें आंखों के इलाज के लिए विदेश जाना था. इसी दौरान उनके बैंक अकाउंट के इस्तेमाल में परेशानी सामने आई.
यह भी पढ़ें: TMC सांसद महुआ मोइत्रा के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी करने का आदेश, जानें पूरा मामला
पिछली सुनवाई के दौरान बैंक की कार्रवाई पर हाईकोर्ट ने नाराजगी जताई थी. बैंक की तरफ से बताया गया था कि अभिषेक बनर्जी की KYC प्रक्रिया पूरी नहीं हुई थी. इसी वजह से उनका अकाउंट अस्थायी तौर पर बंद किया गया था.
अभिषेक बनर्जी के घर जाकर दस्तावेज कलेक्ट करने का था निर्देश
मामले की सुनवाई करते हुए कोर्ट ने बैंक के एक अधिकारी को अभिषेक बनर्जी के घर जाकर जरूरी दस्तावेज लेने का निर्देश दिया था. कोर्ट ने सभी संबंधित पक्षों से यह भी बताने को कहा था कि उसके आदेश के मुताबिक जरूरी प्रक्रिया पूरी हुई या नहीं.
सोमवार को जस्टिस कृष्णा राव की बेंच के सामने बैंक ने अपना पक्ष रखा. बैंक ने कहा कि अकाउंट को अस्थायी तौर पर बंद किया गया था और इसका मकसद अभिषेक बनर्जी को परेशान करना नहीं था. बैंक ने कोर्ट को बताया कि अब अकाउंट को फिर से नॉर्मल कर दिया गया है.
यह भी पढ़ें: TMCP स्थापना दिवस पर पार्टी के दो छात्र गुट आमने-सामने, हाई कोर्ट में पहुंची लड़ाई
टीएमसी पार्टी का भी बैंक अकाउंट फ्रीज
इससे पहले TMC अपने पार्टी बैंक अकाउंट को फ्रीज किए जाने के मामले में भी हाईकोर्ट पहुंच चुकी है. ऐसे में अभिषेक बनर्जी के निजी अकाउंट से जुड़ा मामला सामने आने के बाद बैंकिंग कार्रवाई को लेकर पार्टी और विपक्ष के बीच राजनीतिक चर्चा भी तेज हुई थी. फिलहाल बैंक की ओर से अकाउंट नॉर्मल किए जाने की जानकारी देने के बाद अभिषेक बनर्जी को राहत मिली है. कोर्ट के आदेश के बाद KYC से जुड़ी प्रक्रिया भी पूरी कर दी गई है.