संसद में जारी मॉनसून सेशन के बीच एक बड़ा अपडेट आया है. जानकारी के मुताबिक इस सेशन में 'एक देश, एक चुनाव' से जुड़ा बिल पेश नहीं किया जाएगा. वहीं, दिल्ली सरकार ने CJP प्रदर्शन में शामिल लोगों के खिलाफ कोई प्रतिकूल कानूनी कार्रवाई न करने का फैसला किया है. इन खबरों के अलावा, केंद्र सरकार की E20 पॉलिसी के खिलाफ लगातार आवाज उठा रहे तहसीन पूनावाला का इंस्टाग्राम अकाउंट सस्पेंड हो गया है. पढ़ें गुरुवार शाम की बड़ी खबरें.
'एक देश एक चुनाव' बिल मॉनसून सत्र में नहीं होगा पेश, JPC का कार्यकाल बढ़ा
संसद के मॉनसून सत्र में 'एक देश, एक चुनाव' से जुड़ा संविधान संशोधन बिल पेश नहीं किया जाएगा. इस बिल की जांच के लिए गठित संयुक्त संसदीय समिति का कार्यकाल बढ़ा दिया गया है. अब समिति को अपनी रिपोर्ट संसद के शीतकालीन सत्र के अंतिम सप्ताह के पहले दिन तक सौंपनी होगी. माना जा रहा था कि सरकार अगले किसी सेशन में इस बिल को सदन में पेश कर सकती है.
CJP प्रोटेस्ट: प्रदर्शनकारियों पर एक्शन नहीं, क्रिमिनल रिकॉर्ड वाले नपेंगे!
दिल्ली सरकार ने CJP प्रदर्शन में शामिल लोगों के खिलाफ कोई प्रतिकूल कानूनी कार्रवाई न करने का फैसला किया है. सरकार ने स्पष्ट किया है कि इस मामले को यहीं समाप्त माना जाएगा और भविष्य में इस आधार पर कोई नई कार्रवाई नहीं की जाएगी. हालांकि, सरकार ने यह भी साफ किया है कि यह राहत उन लोगों पर लागू नहीं होगी जिनका आपराधिक रिकॉर्ड है.
दिल्ली में कांवड़ यात्रा शुरू, ट्रैफिक पुलिस ने जारी की एडवाजयरी, ये रास्ते रहेंगे बंद
दिल्ली पुलिस ने कांवड़ियों और आम लोगों की सुविधा के लिए ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है. ट्रैफिक पुलिस ने बताया कि 30 जुलाई से लेकर 12 अगस्त तक दिल्ली के कई मुख्य रास्तों पर भारी वाहनों जैसे ट्रक और बड़े कमर्शियल वाहन के आने-जाने पर पाबंदी लगा दी गई है. हालांकि, शहर में चलने वाली बसों को इससे छूट दी गई है.
CWG 2026: भारत की 'जेवलिन तिकड़ी' फाइनल में, नीरज चोपड़ा पदक से एक कदम दूर
दो बार के ओलंपिक पदक विजेता नीरज चोपड़ा ने कॉमनवेल्थ गेम्स की पुरुषों की जेवलिन थ्रो स्पर्धा के फाइनल में जगह बना ली है. उनके साथ भारत के रोहित यादव और यशवीर सिंह ने भी क्वालिफिकेशन राउंड पार कर पदक की दौड़ में प्रवेश किया. नीरज ने अपने सर्वश्रेष्ठ प्रयास में 79.61 मीटर भाला फेंका और क्वालिफिकेशन में पांचवें स्थान पर रहे.
स्कूलों के अंदर और 50 मीटर दूर तक नहीं बिक सकेंगे जंक फूड, इस राज्य में नया नियम
देश की आर्थिक राजधानी मुंबई समेत पूरे महाराष्ट्र के स्कूलों के भीतर और बाहर जंक फूड की बिक्री पर पूरी तरह से रोक लगा दी गई है. एफडीए कमिश्नर ने स्कूल परिसरों और उनके 50 मीटर के दायरे में जंक फूड बेचने पर पाबंदी लगा दी है. एफडीए ने साफ चेतावनी दी है कि इस नियम का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी.
पंजाब सरकार के जवाब को अकाल तख्त ने किया खारिज, बेअदबी कानून पर बनाई एक्सपर्ट कमेटी
श्री अकाल तख्त साहिब ने श्री गुरु ग्रंथ साहिब की बेअदबी रोकने के लिए प्रस्तावित कानून पर पंजाब सरकार के जवाब को अस्वीकार कर दिया है. अकाल तख्त के जत्थेदार ज्ञानी कुलदीप सिंह गर्गज्ज ने कहा कि सरकार की तरफ से भेजा गया जवाब संतोषजनक नहीं है और इसमें 29 जून को अकाल तख्त में बनी सहमति की भावना नहीं दिखती.
संसद मार्च के दौरान घायल हुई युवती को अस्पताल ने किया डिस्चार्ज, 10 दिन से थी RML में भर्ती
कॉकरोच जनता पार्टी के संसद मार्च के दौरान घायल हुई 21 वर्षीय युवती अब पूरी तरह से ठीक है और 10 दिनों बाद दिल्ली के RML अस्पताल ने डिस्चार्ज कर दिया है. अस्पताल प्रशासन ने बताया कि 20 जुलाई को युवती को गंभीर चोटें आई थी, लेकिन अब युवती पूरी तरह से ठीक हो चुकी है. युवती को 20 जुलाई को गंभीर स्थिति में भर्ती कराया गया था.
जंतर मंतर को कर दिया सील? दिल्ली पुलिस ने अफवाहों पर दिया जवाब
दिल्ली पुलिस ने जंतर-मंतर को विरोध प्रदर्शनों के लिए बंद करने के दावों को खारिज किया है. पुलिस ने आधिकारिक तौर पर स्पष्ट किया है कि यह दावे पूरी तरह से झूठे, गलत और निरर्थक हैं. पुलिस ने बताया है कि जंतर-मंतर शांतिपूर्ण और अधिकृत विरोध प्रदर्शन के लिए सक्रिय जगह है, यहां अधिक से अधिक 1000 लोगों के एकत्रित होने की अनुमति दी जा सकती है.
E20 पर सोशल फाइट! तहसीन पूनावाला का इंस्टा अकाउंट सस्पेंड, निकालने वाले थे 'गाड़ी मार्च'
केंद्र सरकार की E20 पॉलिसी के खिलाफ लगातार आवाज उठा रहे सामाजिक कार्यकर्ता और इंडस्ट्रलिस्ट तहसीन पूनावाला का इंस्टाग्राम अकाउंट सस्पेंड हो गया है. यह कार्रवाई ऐसे समय हुई है, जब उन्होंने 31 जुलाई को दिल्ली में E20 के विरोध में 'गाड़ी मार्च' निकालने का ऐलान किया था. हाल के दिनों में 'E20 जनता पार्टी' नाम से ऑनलाइन कैंपेन भी चर्चा में आया.
'एक नेता पूरी पार्टी नहीं...', सुप्रीम कोर्ट में शिवसेना के नाम-सिंबल विवाद पर सुनवाई
सुप्रीम कोर्ट में गुरुवार को शिवसेना से जुड़े अहम मामले पर सुनवाई हुई. इस दौरान उद्धव गुट के वकील के तौर पर कपिल सिब्बल ने दलीलें दीं. उन्होंने कहा- आज कल यह टेंडेसी आम होती जा रही है कि नेता एक चुनाव चिह्न पर जीतते हैं और बाद में किसी दूसरे दल या गुट का सदस्य होने का दावा करने लगते हैं. इस मामले में अगली सुनवाई चार अगस्त को होगी.