मराठी लेखक लक्ष्मण मने पर दो और महिलाओं ने दुष्कर्म का आरोप लगाया है. पुलिस ने यह जानकारी गुरुवार को दी. इससे पहले तीन महिलाओं ने मने पर यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया था.
मुंबई से 250 किलोमीटर दूर सतारा जिले के जाकटवाडी गांव मेंमने द्वारा संचालित स्कूल में काम करने वाली तीन महिलाओं ने मंगलवार को मने के खिलाफ आरोप दर्ज कराया था. उसके बाद से मने फरार हैं.
तालुका पुलिस थाने के एक अधिकारी ने बताया, ‘बुधवार की देर शाम मने के खिलाफ दो और शिकायतें दर्ज हुई हैं. एक शिकायत रसोई बनाने वाली एक महिला ने तथा दूसरी स्कूल में अर्दली का काम करने वाली ने दर्ज कराई है. मने फरार हैं, पुलिस टीम मामले की जांच कर रही है.’
63 वर्षीय मने महाराष्ट्र विधान परिषद के पूर्व सदस्य हैं. उन पर आरोप है कि सतारा में जनजातीय बच्चों के लिए वह जो आवासीय विद्यालय चला रहे हैं, उस में काम करने वाली पांच महिलाओं के साथ उन्होंने कथित रूप से दुष्कर्म किया.
लेखक लक्ष्मण मने को चार वर्ष पूर्व केंद्र सरकार की ओर से पद्मश्री से सम्मानित किया गया था.
पुलिस के अनुसार, 30 से 35 वर्ष उम्र की इन माहिलाओं का आरोप है कि स्कूल का स्थायी कर्मचारी बनाने का झांसा देकर मने ने वर्ष 2003 और 2010 के बीच स्कूल में, सतारा स्थित उनके घर में और पुणे स्थित अतिथिगृह में उनके साथ दुष्कर्म किया.