महाराष्ट्र की राजनीति में 'पावर गेम' अब अजित पवार की विमान दुर्घटना में हुई मौत की जांच को लेकर गरमा गया है. एनसीपी (SP) विधायक रोहित पवार ने इस मामले में 'आपराधिक लापरवाही' का आरोप लगाते हुए विमान कंपनी VSR और DGCA के अधिकारियों के खिलाफ FIR दर्ज करने की मांग की है.
हालांकि, पुलिस द्वारा शिकायत दर्ज करने से इनकार किए जाने के बाद रोहित पवार ने आरोप लगाया है कि इस मामले को दबाने के पीछे कुछ 'ताकतवर हाथों' का हाथ हो सकता है. इससे पहले, सुनेत्रा पवार ने मुख्यमंत्री को चिट्ठी लिखकर जांच CBI को सौंपने की मांग की थी, जबकि रोहित पवार ने दावा किया था कि केंद्र सरकार से जुड़े कुछ लोगों का इस कथित साज़िश में हाथ हो सकता है.
रोहित पवार पहले मुंबई के मरीन ड्राइव पुलिस स्टेशन पहुंचे, जहां उनकी शिकायत दर्ज नहीं की गई. इसके बाद वे बारामती तालुका पुलिस स्टेशन गए और पुणे ग्रामीण के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के साथ दो घंटे तक चर्चा की.
यह भी पढ़ें: महाराष्ट्र: बारामती थाने के बाहर धरने पर बैठे भतीजे रोहित, अजित पवार विमान क्रैश की जांच की मांग
पुलिस का तर्क है कि चूंकि महाराष्ट्र सीआईडी (CID) पहले से ही इस मामले की जांच कर रही है, इसलिए एक अलग FIR दर्ज करना समानांतर जांच शुरू करने जैसा होगा. इसके बाद रोहित पवार पुणे स्थित सीआईडी मुख्यालय पहुंचे और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ 90 मिनट तक बैठक की.
साजिश और 'ताकतवर लोगों' का जिक्र
मीडिया से बात करते हुए रोहित पवार ने कहा, 'गंभीर मामला होने के बावजूद पुलिस शिकायत दर्ज नहीं कर रही है. विमान कंपनी और नियामक अधिकारियों की भूमिका की जांच जरूरी है. जब पुलिस मना करती है, तो संदेह पैदा होता है कि पर्दे के पीछे कुछ प्रभावशाली लोग शामिल हैं. सच सामने आना ही चाहिए.'
दूसरी ओर, सीआईडी अधिकारियों का कहना है कि 28 जनवरी को बारामती में हुए हादसे की जांच धारा 194 के तहत तेजी से चल रही है. जांच में इस बात पर ध्यान दिया जा रहा है कि क्या यह महज एक दुर्घटना थी या इसके पीछे कोई 'सबोटॉज' (तोड़फोड़), आपराधिक लापरवाही या बड़ी साजिश थी.
यह भी पढ़ें: अजित पवार का प्लेन कैसे हुआ क्रैश? बारामती विमान हादसे पर AAIB की जांच रिपोर्ट आई सामने
अधिकारियों ने बताया कि कई एजेंसियों की रिपोर्ट का इंतजार है और केस को सीबीआई (CBI) को सौंपने का प्रस्ताव भी विचाराधीन है. फिलहाल, इस हाई-प्रोफाइल मामले ने महाराष्ट्र की सियासत में हलचल पैदा कर दी है.