पुणे पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए डेक्कन पुलिस स्टेशन में तैनात पुलिस उपनिरीक्षक संदीप कदम को निलंबित कर दिया है. यह कार्रवाई एक वायरल वीडियो सामने आने के बाद की गई है. मामला पुणे के डेक्कन इलाके में मौजूद जिप्सिया कैफे का है. आरोप है कि PSI संदीप कदम ड्यूटी के दौरान कैफे में पहुंचे और वहां उन्होंने कर्मचारियों और ग्राहकों के साथ कथित तौर पर अभद्र व्यवहार किया और हंगामा किया.
वायरल वीडियो के बाद पुलिस का एक्शन
इस घटना का CCTV फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसके बाद मामला तेजी से तूल पकड़ने लगा. वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस विभाग ने तुरंत संज्ञान लिया. पुलिस विभाग की प्राथमिक जांच में PSI संदीप कदम के अनुचित व्यवहार की पुष्टि हुई है. इसके बाद उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई की गई.
वायरल वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि उपनिरीक्षक संदीप कदम हाथ में डंडा लेकर कैफे में घुसते हैं और काउंटर पर रखे खाने पीने के सामान पर जोर से डंडा मारते हैं. जिससे सब कुछ गिर और बिखर जाता है. कैफे में मौजूद लड़के लड़कियां डर जाते हैं और पुलिसकर्मी उन्हें तुंरत बाहर निकलने का आदेश देता है.
अपर पुलिस आयुक्त ने दिए निलंबन आदेश
अपर पुलिस आयुक्त राजेश बनसोडे ने मामले की गंभीरता को देखते हुए निलंबन के आदेश जारी किए. आदेश जारी होने के बाद पुलिस विभाग में हलचल देखी गई. फिलहाल इस मामले में विभागीय जांच जारी है. पुलिस प्रशासन ने कहा है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.