महाराष्ट्र के कराड में जलसंपदा विभाग के इंजीनियर की मौत ने अब एक ऐसे सनसनीखेज मर्डर केस का रूप ले लिया है, जिसने पूरे इलाके को हिला कर रख दिया है. पहले इसे सड़क हादसा माना गया, लेकिन पुलिस जांच में पत्नी, प्रेमी और सुपारी किलर की खौफनाक साजिश सामने आई है. CCTV, मोबाइल लोकेशन और फॉरेंसिक सबूतों के आधार पर पुलिस ने इस ब्लाइंड मर्डर केस की गुत्थी सुलझा ली है. देखिए कराड से हमारी ये खास रिपोर्ट.
कार से मर जाने तक रौंदा
जलसंपदा विभाग में कार्यरत इंजीनियर 54 साल के लक्ष्मण श्रीरंग मंडले 6 जून की सुबह मुंबई से कराड पहुंचे थे.सुबह करीब 5 बजकर 20 मिनट पर ट्रैवल्स बस से उतरने के बाद वो अपने घर की तरफ जा रहे थे, तभी पीछे से तेज रफ्तार अल्टो कार आई और उन्हें जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भयानक थी कि लक्ष्मण मंडले की मौके पर ही मौत हो गई.
मर्डर के लिए खरीदी गई थी अल्टो कार
शुरुआत में मामला सड़क हादसे का लग रहा था लेकिन कराड शहर पुलिस को इस घटना में कुछ गड़बड़ी नजर आई.पुलिस ने CCTV फुटेज, मोबाइल लोकेशन, तकनीकी विश्लेषण और फॉरेंसिक सबूतों के आधार पर जांच शुरू की और फिर जो सच सामने आया उसने हर किसी को चौंका दिया. जांच में खुलासा हुआ कि मृतक की पत्नी सारिका मंडले का साल 2023 से प्रथमेश थोरात नाम के युवक के साथ प्रेम संबंध था.पुलिस के मुताबिक, पति को रास्ते से हटाने के लिए पत्नी ने अपने प्रेमी और उसके साथी के साथ मिलकर मौत की साजिश रची. बताया जा रहा है कि हत्या को अंजाम देने के लिए खास तौर पर एक अल्टो कार खरीदी गई थी.
पत्नी ने ही दी थी तीन लाख की सुपारी
6 जून की सुबह आरोपियों ने लक्ष्मण मंडले की लोकेशन ट्रैक की और सुपर मार्केट इलाके में पीछे से कार चढ़ाकर उन्हें कुचल दिया.पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि पहली टक्कर के बाद आरोपियों को शक हुआ कि लक्ष्मण मंडले अभी जिंदा हैं इसलिए उन्होंने दोबारा कार चढ़ाकर उनकी हत्या कर दी ताकि कोई सबूत या बचने की गुंजाइश न रहे. इस पूरे मर्डर प्लान के लिए तीन लाख रुपये की सुपारी दिए जाने की बात भी सामने आई है.हालांकि हत्या की कुल डील कितने में हुई थी.इसकी जांच अभी जारी है.
सीसीटीवी से खुले राज
मामले में पुलिस ने पहले मृतक की पत्नी सारिका मंडले और उसके भाई संग्राम चव्हाण को हिरासत में लिया. इसके बाद पूछताछ और तकनीकी जांच के आधार पर प्रथमेश थोरात और उसके साथी आकाश अशोक होनसुरे को भी गिरफ्तार कर लिया गया. अब इस पूरे मामले पर डीवाईएसपी राजश्री पाटील ने बड़ा बयान दिया है. उन्होंने कहा- 'शुरुआती जांच में मामला सड़क हादसे का लग रहा था लेकिन तकनीकी सबूतों और पूछताछ के दौरान यह स्पष्ट हुआ कि यह एक सुनियोजित हत्या थी.मृतक की पत्नी सारिका मंडले का प्रथमेश थोरात के साथ प्रेम संबंध था. प्रथमेश थोरात और उसके साथी आकाश अशोक होनसुरे ने सारिका मंडले के साथ मिलकर क्रिमिनल कॉन्सपिरेसी रची और कॉन्ट्रैक्ट लेकर लक्ष्मण मंडले की हत्या की. दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और मामले की आगे जांच जारी है.
Input: सकलेन मंसूर