मुंबई के घाटकोपर पूर्व के पंतनगर इलाके में शुक्रवार करीब 7 बजकर 56 मिनट पर एक हाईराइज रिहायशी इमारत में आग लगने की सूचना दमकल विभाग को मिली. आग वल्लभ बाग लेन स्थित कुक्रेजा पैलेस की 23वीं मंजिल पर लगी. प्राथमिक जानकारी के मुताबिक, यह इमारत ग्राउंड प्लस 25 मंजिल की है.
सूचना मिलने के बाद दमकल की टीम रात 8 बजकर 15 मिनट पर मौके पर पहुंची. रात 8 बजकर 30 मिनट पर आग को लेवल-1 फायर घोषित किया गया. इसके बाद आग को लेवल-2 फायर कॉल में अपडेट किया गया. मुख्य अग्निशमन अधिकारी (CFO) के मुताबिक, आग अब काबू में है. हादसे के बाद पूरी इमारत को खाली करा लिया गया है. साथ ही यह पता लगाने के लिए सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है कि कहीं कोई व्यक्ति इमारत के अंदर फंसा तो नहीं है.
हादसे में एक व्यक्ति घायल हुआ है, जिसे राजावाड़ी अस्पताल ले जाया गया. ड्यूटी पर मौजूद एएमओ से मिली जानकारी के मुताबिक, घायल की पहचान 45 वर्षीय साईनाथ आवले के रूप में हुई है. वह करीब 27 फीसदी झुलसे हैं और उनकी हालत स्थिर बताई गई है.
अस्पताल में भर्ती करवाया गया
वहीं, दो अन्य हादसे में दो अन्य लोगों को ज़ाइनोवा अस्पताल में भर्ती कराया गया है. अस्पताल के डॉक्टर रोजबिन से मिली जानकारी के मुताबिक, घायलों की पहचान 34 वर्षीय नीरव लोडाया और 47 वर्षीय राजेश लोडाया के रूप में हुई है. दोनों की हालत स्थिर बताई गई है. घटनास्थल पर दमकल की कई गाड़ियां, एम्बुलेंस और अन्य आपातकालीन वाहन तैनात किए गए. दमकल की टीमें आग बुझाने और राहत-बचाव कार्य में जुटी रहीं. फिलहाल आग लगने के कारणों की जानकारी सामने नहीं आई है. सर्च ऑपरेशन के जरिए इमारत में किसी और व्यक्ति के फंसे होने की भी जांच की जा रही है.