राजस्थान के उदयपुर जिले से हैरान करने वाला मामला सामने आया है. जहां सरपंच चुनाव में वोटिंग को लेकर हुए झगड़े के दौरान एक व्यक्ति ने अपने पिता पर हमला करने से रोकने की कोशिश कर रही अपनी मां की कथित तौर पर लाठी से पीटकर हत्या कर दी. इस घटना की जानकारी पुलिस ने शुक्रवार को दी.
बताया जा रहा है कि जब उसका बड़ा भाई माता-पिता को बचाने के लिए दौड़ा, तो आरोपी व्यक्ति ने बड़े भाई पर भी हमला कर दिया.
इस बीच, SHO सोहन लाल ने बताया है कि आरोपी राहुल परमार का सरपंच चुनाव में अपने कजन (Cousin) को वोट न देने को लेकर अपने पिता से झगड़ा हुआ था. इस चुनाव के नतीजे गुरुवार रात को घोषित किए गए थे.
यह भी पढ़ें: उदयपुर में सरपंच चुनाव के नतीजे पर बवाल, पुष्पा देवी की जीत के बाद पथराव-आगजनी
जानकारी के मुताबिक बहस के दौरान, राहुल ने कथित तौर पर अपने पिता लालचंद पर लाठी से हमला किया. जब उसकी मां पुष्पा ने बीच-बचाव किया, तो राहुल ने कथित तौर पर उनके सिर पर लाठी मारी, जिससे वे जमीन पर गिर गईं.
पुलिस ने आगे बताया कि अस्पताल ले जाते समय उनकी मौत हो गई. वहीं, घायल पिता का इलाज डूंगरपुर के जिला अस्पताल में चल रहा है. पुलिस ने जानकारी दी कि उन्होंने राहुल को गिरफ्तार कर लिया है, झगड़े के दौरान उसके सिर में भी चोट आई थी और उसका इलाज चल रहा है.
बता दें, गुरुवार को राजस्थान के 27 जिलों में सरपंच और वार्ड पंच के पदों के लिए पंचायत चुनाव के तीसरे चरण में लोगों ने हिस्सा लिया था.