scorecardresearch
 

नाम और धर्म पूछा, फिर कहा- कलमा पढ़ो, मुंबई में गार्ड्स पर चाकू से हमला

मीरा रोड के नया नगर में गार्ड्स पर चाकू से हमला हुआ. आरोपी ने पहले नाम और धर्म पूछकर वार किया. एक गार्ड गंभीर रूप से घायल हुआ. पुलिस ने सीसीटीवी के आधार पर आरोपी जैब अंसारी को डेढ़ घंटे में गिरफ्तार कर लिया. मामले की जांच एटीएस के साथ मिलकर की जा रही है.

Advertisement
X
गार्डों पर चाकू से हमला (Photo: Screengrab)
गार्डों पर चाकू से हमला (Photo: Screengrab)

मुंबई के पास मीरा रोड के नया नगर इलाके में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां एक शख्स ने सुरक्षा गार्ड्स पर चाकू से हमला कर दिया. बताया जा रहा है कि आरोपी ने पहले दोनों से उनका नाम और धर्म पूछा और यह भी पूछा कि क्या वे कलमा पढ़ सकते हैं. इसके बाद उसने उन पर हमला कर दिया. यह घटना 27 अप्रैल 2026 की सुबह करीब 4 बजे की है. उस समय राजकुमार मिश्रा और सुब्रतो रमेश सेन मीरा रोड ईस्ट स्थित वॉकहार्ट अस्पताल के पीछे बन रही अस्मिता ग्रैंड बिल्डिंग के निर्माण स्थल पर सुरक्षा ड्यूटी पर तैनात थे.

जानकारी के अनुसार, 31 वर्षीय जैब जुबैर अंसारी नाम का आरोपी वहां पहुंचा. उसने दोनों गार्ड्स से उनका नाम और धर्म पूछा. जब दोनों ने जवाब दिया तो आरोपी ने उनसे पूछा कि क्या वो कलमा पढ़ सकते हैं. दोनों के मना करने पर आरोपी ने अचानक चाकू निकाल लिया और हमला कर दिया. हमले में राजकुमार मिश्रा को गंभीर चोटें आईं. बताया जा रहा है कि उनके पेट के अंदरूनी हिस्सों तक चोट पहुंची है. वहीं सुब्रतो सेन को पीठ में हल्की चोटें आईं और वह हमले के दौरान किसी तरह केबिन में छिप गए.

एक गार्ड गंभीर घायल, दूसरे ने छिपकर बचाई जान

हमले के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया. इसके बाद सुब्रतो सेन ने पुलिस को सूचना दी. पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और घायलों को इलाज के लिए वॉकहार्ट अस्पताल में भर्ती कराया गया. पुलिस के अनुसार दोनों घायलों की हालत स्थिर है और उनका इलाज जारी है. पुलिस ने मौके पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान जैब जुबैर अंसारी के रूप में की. इसके बाद पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए उसे नया नगर इलाके में उसके किराए के घर से घटना के करीब डेढ़ घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया.

Advertisement

जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी के माता-पिता अमेरिका में रहते हैं. वह खुद भी साल 2019 तक अमेरिका में पढ़ाई कर रहा था. इसके बाद वह भारत लौट आया और मीरा रोड के नया नगर इलाके में किराए के मकान में अकेला रह रहा था. जानकारी के अनुसार, मकान मालिक ने उसे 5 मई तक घर खाली करने को कहा था. सूत्रों के मुताबिक, आरोपी की ऑनलाइन गतिविधियों की जांच में यह भी सामने आया है कि वह अक्सर आईएसआईएस से जुड़े वीडियो देखता था. बताया गया है कि कुछ महीने पहले तक वह एक कोचिंग सेंटर में केमिस्ट्री और मैथ्स पढ़ाता था.

सीसीटीवी से पहचान, डेढ़ घंटे में आरोपी गिरफ्तार

इस मामले में नया नगर पुलिस स्टेशन में केस दर्ज कर लिया गया है. शिकायत सुब्रतो सेन की ओर से दर्ज कराई गई है. फिलहाल इस मामले की जांच नया नगर पुलिस और महाराष्ट्र पुलिस की एंटी टेररिज्म स्क्वॉड संयुक्त रूप से कर रही है. पुलिस ने लोगों से अपील की है कि इस घटना को लेकर किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें और न ही उन्हें फैलाएं. पुलिस ने चेतावनी दी है कि अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल पुलिस इस मामले के हर पहलू की जांच कर रही है और आरोपी से पूछताछ जारी है. यह घटना इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है और लोग घटना के पीछे की पूरी सच्चाई सामने आने का इंतजार कर रहे हैं.

Advertisement


 

---- समाप्त ----
इनपुट- प्रवीण नलावड़े
Live TV

Advertisement
Advertisement