महाराष्ट्र के पुणे में 26 वर्षीय कारोबारी केतन अग्रवाल की हत्या के मामले में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है. पुलिस के मुताबिक केतन की मंगेतर सिया ने अपने प्रेमी चेतन के साथ मिलकर उसकी हत्या की साजिश रची. योजना के तहत सिया, केतन को घूमने के बहाने लोहागढ़ किले पर ले गई, जहां चेतन की मदद से उसे करीब 350 फीट गहरी खाई में धक्का दे दिया गया. पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की जांच शुरू कर दी है. इसी बीच पुलिस ने रविवार को हत्याकांड को लेकर सीन रिक्रिएशन किया और सिया को लोहागढ़ किला लेकर पहुंची.
पुलिस ने सिया को लेकर जो सीन रिक्रिएट किया, वह काफी डरावना है. आजतक के पास यह वीडियो भी मौजूद है. इस वीडियो को देखकर आप खुद अंदाजा लगा सकते हैं कि किस तरह और बड़े ही शातिर तरीके से सिया ने पूरी घटना को अंजाम दिया था. वीडियो में आरोपी सिया पुलिस की मौजूदगी में घटनास्थल पर पूरे घटनाक्रम को दोहराते हुए दिखाई दे रही है.
डमी को धक्का देकर पुलिस ने किया सीन रिक्रिएशन, डरा देगा वीडियो
रीक्रिएशन के दौरान पुलिस ने उसी स्थान से एक डमी (पुतले) को नीचे धक्का देकर पूरी घटना को दोहराया, जहां से कथित तौर पर केतन अग्रवाल को खाई में धक्का दिया गया था. इस प्रक्रिया का उद्देश्य घटना के क्रम, परिस्थितियों और उपलब्ध साक्ष्यों का मिलान करना था, ताकि जांच को और मजबूत किया जा सके.
पुलिस के अनुसार, 18 जून को केतन अग्रवाल की हत्या के मामले की तह तक पहुंचने के लिए आज तड़के सिया को लोहागढ़ किले पर ले जाकर क्राइम सीन रीक्रिएट कराया गया. जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल पर हत्या की पूरी वारदात को क्रमवार दोहराया, जिससे घटना के हर पहलू को समझने और सबूतों का मिलान करने में मदद मिलेगी.
सीन रिक्रिएशन से खुल सकते हैं कई राज
इस मामले में अब तक सिया गोयल के परिवार, उसके रिश्तेदारों और केतन व सिया का रिश्ता तय कराने वाले मित्तल परिवार से भी पूछताछ की जा चुकी है. पुलिस का मानना है कि आज हुए रीक्रिएशन से कई अहम तथ्य सामने आ सकते हैं, जिससे जांच को और गति मिलने की उम्मीद है.
इससे पहले केतन अग्रवाल हत्याकांड की मुख्य आरोपी सिया के पिता प्रवीण गोयल और मां पूजा गोयल से पुलिस ने पूछताछ की. शनिवार सुबह करीब 11 बजे से लोणावला ग्रामीण पुलिस गोयल परिवार से अलग-अलग सवालों के जवाब ली. करीब 12 घंटो तक पुलिस ने पूछताछ की है. इससे पहले शुक्रवार को आरोपी सिया के भाई साहिल गोयल से भी लगभग 10 घंटे तक पूछताछ की गई थी, जिसमें कई महत्वपूर्ण जानकारियां सामने आई थी.
पुलिस टीम को सिया ने स्पॉट का खुद दिखाया रास्ता
एक अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने रविवार को सिया गोयल को लोहगढ़ किले में ले जाकर क्राइम सीन को फिर से बनाया. सिया गोयल पर अपने मंगेतर और पुणे के बिल्डर केतन अग्रवाल की कथित हत्या का आरोप है. पुलिस ने उस पल को फिर से दिखाने के लिए एक डमी का इस्तेमाल किया जब केतन को धक्का देकर मार डाला गया था. उन्होंने कहा कि इस कवायद का मकसद 18 जून की घटना की घटनाओं का सही क्रम पता लगाना था, जब 25 साल के पीड़ित की कथित तौर पर गोयल (20) और उसके 'प्रेमी' चेतन चौधरी (22) ने हत्या कर दी थी.
पुणे ग्रामीण पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि आज सुबह क्राइम सीन को फिर से बनाया गया. आरोपी को उस असली जगह पर ले जाया गया जहां घटना हुई थी. उन्होंने बताया कि एक डमी बॉडी बनाई गई थी और पुलिस अधिकारियों ने गोयल से यह दिखाने को कहा कि उसने केतन को उस जगह से कैसे धक्का दिया था. उसने क्राइम स्पॉट तक पहुंचने का रास्ता भी दिखाया. उन्होंने कहा कि चौधरी को भी इसी तरह क्राइम सीन को फिर से बनाने के लिए अलग से किले में ले जाया जाएगा.