पुणे के चर्चित केतन अग्रवाल हत्याकांड में नया मोड़ सामने आया है. हत्या के आरोप में गिरफ्तार सिया गोयल के पिता प्रवीण गोयल ने पहली बार खुलकर अपनी प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने दावा किया कि उन्हें अपनी बेटी सिया और उसके कथित प्रेमी तथा सह-आरोपी चेतन चौधरी के रिश्ते की कोई जानकारी नहीं थी. उन्होंने कहा कि अगर उन्हें पहले इस संबंध के बारे में पता होता तो वह सिया और केतन की शादी के फैसले पर दोबारा विचार करते.
पुणे पुलिस द्वारा करीब 12 घंटे तक पूछताछ किए जाने के बाद प्रवीण गोयल ने आजतक से बातचीत में कहा, 'अगर मुझे जरा भी भनक होती कि मेरी बेटी किसी और के साथ रिश्ते में है, तो मैं जरूर कदम उठाता. मैं संबंधित लोगों से बात करता और संभव है कि इस शादी को लेकर दोबारा सोचता. लेकिन मुझे ऐसी बात की एक प्रतिशत भी जानकारी नहीं थी.'
प्रवीण गोयल ने उन अटकलों को भी खारिज कर दिया, जिनमें दावा किया जा रहा था कि दोनों परिवारों के बीच एक और वैवाहिक रिश्ता तय करने की चर्चा चल रही थी. उन्होंने स्पष्ट कहा कि उनके परिवार में ऐसी कोई परंपरा या चर्चा कभी नहीं हुई.
'27-28 गुण मिले थे, शादी में नहीं था कोई दबाव'
उन्होंने बताया कि सिया और केतन की सगाई से पहले दोनों की कुंडली मिलाई गई थी. केतन के परिवार की ओर से सिया की जन्मपत्री मांगी गई थी, जिसे उन्होंने उपलब्ध कराया था. बाद में उन्हें बताया गया कि दोनों की 27-28 गुणों की कुंडली मिली है और रिश्ता शुभ माना गया है. इसके बाद ही दोनों परिवारों ने विवाह के लिए सहमति दी थी.
शादी से जुड़े कुछ दस्तावेजों पर हस्ताक्षर को लेकर उठे सवालों पर प्रवीण गोयल ने ज्यादा टिप्पणी करने से इनकार किया. उन्होंने कहा कि पुलिस इस मामले की जांच कर रही है और वही तय करेगी कि दस्तावेजों में क्या हुआ.
वकील आशुतोष श्रीवास्तव पर कही बड़ी बात
उन्होंने वकील आशुतोष श्रीवास्तव को लेकर भी सफाई दी. प्रवीण गोयल ने कहा कि उन्होंने कभी आशुतोष श्रीवास्तव को अपना वकील नियुक्त नहीं किया. न तो उनसे कभी मुलाकात हुई और न ही कोई बातचीत. उन्होंने कहा कि उन्हें नहीं पता कि वह इस मामले से कैसे जुड़े. हालांकि उन्होंने यह जरूर कहा कि उनकी बेटी ने कुछ दस्तावेजों पर हस्ताक्षर किए हो सकते हैं, लेकिन परिवार की ओर से उन्हें कभी अधिकृत नहीं किया गया.
गौरतलब है कि सिया के भाई साहिल गोयल ने वकील आशुतोष श्रीवास्तव पर धमकाने और तथ्यों को गलत तरीके से पेश करने का आरोप लगाया था. इसके जवाब में श्रीवास्तव ने साहिल को 10 करोड़ रुपये का मानहानि नोटिस भेजा है.
दोषी पाए जाने पर सिया को मिले सजा
जब प्रवीण गोयल से पूछा गया कि यदि जांच और अदालत में उनकी बेटी दोषी साबित होती है तो वह क्या कहेंगे, तो उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि कानून सभी के लिए बराबर है. उन्होंने कहा, 'अगर सिया दोषी पाई जाती है तो उसे वही सजा मिलनी चाहिए, जो कानून में निर्धारित है. मेरी यही प्रार्थना है.'
बता दें कि 26 वर्षीय रियल एस्टेट कारोबारी केतन अग्रवाल की 18 जून को पुणे के पास लोहागढ़ किले में हत्या कर दी गई थी. शुरुआत में सिया गोयल ने पुलिस को बताया था कि ट्रैकिंग के दौरान फोटो खींचते समय केतन का पैर फिसल गया और वह गहरी खाई में गिर गया. लेकिन पुलिस जांच में मामला हादसा नहीं बल्कि सुनियोजित हत्या निकला.
पुलिस का आरोप है कि सिया गोयल अपने प्रेमी चेतन चौधरी के साथ मिलकर केतन से शादी नहीं करना चाहती थी. इसी वजह से दोनों ने कथित तौर पर साजिश रचकर केतन को लोहागढ़ किले की खाई में धक्का दे दिया. मामले में सिया और चेतन दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया है और फिलहाल वे पुलिस हिरासत में हैं. जांच एजेंसियां इस पूरे घटनाक्रम की हर कड़ी की पड़ताल कर रही हैं.