scorecardresearch
 

घर के पास खेल रहे बच्चे को आवारा कुत्ते ने मार डाला, बचाने दौड़े दोस्त को भी काट लिया

महाराष्ट्र के कल्याण के मोहने-गालेगांव इलाके में एक दर्दनाक घटना सामने आई है. यहां सात साल के बच्चे पर आवारा कुत्ते ने हमला कर दिया. बच्चा इस कदर घायल हो गया कि उसकी मौत हो गई. उसे बचाने दौड़े उसके दोस्त को भी कुत्ते ने काट लिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया.

Advertisement
X
आवारा कुत्ते ने ली बच्चे की जान. (Photo: Screengrab)
आवारा कुत्ते ने ली बच्चे की जान. (Photo: Screengrab)

महाराष्ट्र के कल्याण के पास मोहने-गालेगांव इलाके में दर्दनाक घटना सामने आई है. यहां आवारा कुत्ते के हमले में सात साल के बच्चे की मौत हो गई. उसे बचाने दौड़े उसके दोस्त पर भी कुत्ते ने हमला कर लिया, जिससे वह भी गंभीर रूप से घायल हो गया. इस घटना के बाद से इलाके के लोगों में आवारा कुत्तों के बढ़ते आतंक को लेकर गुस्से और डर का माहौल है.

मृतक बच्चा कातकरी पाड़ा इलाके में अपने परिवार के साथ रहता था. अधिकारियों के अनुसार, बच्चा अपने घर के पास खेल रहा था, तभी एक आवारा कुत्ते ने उस पर हमला कर दिया. उसकी चीख-पुकार सुनकर उसका सात साल का दोस्त उसे बचाने दौड़ा, लेकिन कुत्ते ने उसे भी काट लिया और वह घायल हो गया.

यह भी पढ़ें: नोएडा में 5 साल के बच्चे पर टूट पड़े आवारा कुत्ते, लोगों ने दौड़कर बचाई जान, CCTV में कैद हुई घटना

दोनों बच्चों को तुरंत इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान घायल बच्चे ने दम तोड़ दिया. वहीं उसके दोस्त का ठाणे के कलवा स्थित छत्रपति शिवाजी महाराज अस्पताल में इलाज चल रहा है, जहां उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है.

Kalyan Innocent child dies due to stray dog attack

आवारा कुत्ते से इलाके में डर और नाराजगी

Advertisement

मृतक बच्चे के माता-पिता मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं. बेटे की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया. वहीं पूरे इलाके में शोक की लहर फैल गई. स्थानीय लोगों का कहना है कि इस क्षेत्र में आवारा कुत्तों की संख्या तेजी से बढ़ रही है. आए दिन हमले हो रहे हैं, जिससे लोगों में डर का माहौल है.

कुत्तों को पकड़ने वाले दस्ते तैनात करने की मांग

शिवसेना (ठाकरे गुट) की नगरसेविका तेजश्री गायकवाड़ और नगरसेवक उमेश बोरगावकर ने इस मामले को लेकर कल्याण-डोंबिवली महानगरपालिका (केडीएमसी) अधिकारियों से मुलाकात की. उन्होंने आवारा कुत्तों को पकड़ने के लिए विशेष दस्ते तैनात करने, नसबंदी अभियान और टीकाकरण को प्रभावी ढंग से लागू करने की मांग की. वहीं नागरिकों ने भी प्रशासन से ठोस कदम उठाए जाने और आवारा कुत्तों की समस्या पर काबू पाने की अपील की है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement