महाराष्ट्र के नागपुर में एक छात्र की मौत ने शैक्षणिक दबाव और मानसिक तनाव को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ इंफॉर्मेशन एंड टेक्नोलॉजी (IIIT) के एक छात्र ने हॉस्टल की नौवीं मंजिल से कूदकर अपनी जान दे दी. घटना के बाद पूरे कैंपस में शोक और आक्रोश का माहौल है.
मृतक की पहचान श्रेयश चंद्रकांत माने के रूप में हुई है, जो मूल रूप से कोल्हापुर का रहने वाला था और संस्थान में सेकंड ईयर का छात्र था. बताया जा रहा है कि सोमवार तड़के करीब चार बजे यह घटना हुई, जिसके बाद कॉलेज प्रशासन और छात्रों में हड़कंप मच गया.
प्राथमिक जानकारी के अनुसार, श्रेयश की सेमेस्टर परीक्षाएं नजदीक थीं और वह पढ़ाई पूरी न होने को लेकर तनाव में था. दोस्तों और सहपाठियों का कहना है कि वह पिछले कुछ दिनों से चिंतित नजर आ रहा था. हालांकि, अभी तक इस बात की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है कि यही घटना का मुख्य कारण है.
घटना के बाद बटबुरी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. पुलिस ने आकस्मिक मृत्यु का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. अधिकारियों का कहना है कि छात्र का मोबाइल फोन जांच के लिए लिया गया है और उसके अनलॉक होने के बाद ही पूरे मामले की सच्चाई सामने आ सकेगी.इस घटना से नाराज छात्रों ने कैंपस में विरोध प्रदर्शन भी किया. छात्रों का आरोप है कि संस्थान में मानसिक स्वास्थ्य को लेकर पर्याप्त सुविधाएं और सहयोग उपलब्ध नहीं हैं.
उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि छात्रों के लिए काउंसलिंग और सपोर्ट सिस्टम को मजबूत किया जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके. कॉलेज प्रशासन ने घटना पर दुख जताते हुए कहा है कि वह पुलिस जांच में पूरा सहयोग कर रहा है. साथ ही, छात्रों से शांति बनाए रखने की अपील की गई है.