scorecardresearch
 

तंत्र-मंत्र, संदिग्ध ट्रांजैक्शन और SMS अलर्ट... अजित पवार विमान हादसे पर गहराया सस्पेंस

Ajit Pawar Plane Crash: अजित पवार विमान हादसे को लेकर अब एक बार फिर सियासत गरमा गई है. एक्टिविस्ट अंजलि दमानिया के सनसनीखेज दावों के बाद विधायक रोहित पवार ने इस पूरे मामले पर नए सवाल खड़े किए हैं. इस हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई थी.

Advertisement
X
एक्टिविस्ट अंजलि दमानिया के खुलासे के बाद सियासत तेज, सीआईडी जांच की मांग. (File Photo-PTI)
एक्टिविस्ट अंजलि दमानिया के खुलासे के बाद सियासत तेज, सीआईडी जांच की मांग. (File Photo-PTI)

महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री रहे एनसीपी नेता अजित पवार की मौत पर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं. एक्टिविस्ट अंजलि दमानिया के वित्तीय लेन-देन से जुड़े दावों के बाद उनके बेटे रोहित पवार ने पूरे मामले की गहन जांच की मांग की है. संदिग्ध ट्रांजैक्शन, एसएमएस अलर्ट और गतिविधियों ने हादसे को लेकर साजिश की आशंका को गहरा दिया है.

पुणे में सामने आए इस घटनाक्रम में अंजलि दमानिया ने आरोप लगाया है कि गिरफ्तार स्वयंभू बाबा अशोक खरात और एक सहकारी क्रेडिट सोसाइटी के बीच हुए वित्तीय लेन-देन में संदिग्ध गतिविधियां देखने को मिली हैं. उनका दावा है कि इस लेन-देन का समय 28 जनवरी के उस विमान हादसे के आसपास का है, जिसमें अजित पवार की मौत हो गई थी.

सोमवार को मुंबई में अंजलि दमानिया ने कहा कि समता क्रेडिट कोऑपरेटिव सोसाइटी में हुए ट्रांजैक्शन से जुड़े SMS अलर्ट में असामान्य बढ़ोतरी देखी गई. उन्होंने बताया कि 27 जनवरी को 17 मैसेज आए, जबकि हादसे वाले दिन 28 जनवरी को 19 मैसेज मिले. इसके बाद के दिनों में भी कई मैसेज दर्ज किए गए. यह सामान्य वित्तीय गतिविधियों का पैटर्न नहीं है. 

उन्होंने कहा कि इससे ये संकेत मिलता है कि अशोक खरात के खाते में पैसे जमा या निकाले जा रहे थे, जो संदेह पैदा करता है. इस मामले को लेकर रोहित पवार ने भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए गंभीर सवाल उठाए. उन्होंने लिखा कि जिस समय ये वित्तीय लेन-देन हो रहे थे, उसी दौरान बड़े पैमाने पर गतिविधियां सामने आ रही थीं.

Advertisement

रोहित पवार ने यह भी कहा कि इससे पहले अजित पवार के आवास के बाहर कथित तौर पर काले जादू के अनुष्ठान किए जाने की खबरें भी सामने आई थीं. उन्होंने इन घटनाओं और विमान हादसे के बीच संभावित संबंध की जांच की जरूरत बताई. कर्जत-जामखेड के विधायक ने अशोक खरात के VSR कंपनी के विमान के इस्तेमाल को लेकर भी सवाल उठाए. 

उन्होंने कहा कि अशोक खरात बार-बार इस विमान से यात्रा करता था और उसके अनुयायियों का एक नेटवर्क भी सक्रिय था. बताया जा रहा है कि VSR कंपनी ही उस विमान की मालिक थी, जो 28 जनवरी को बारामती में दुर्घटनाग्रस्त हो गया था. इस हादसे में अजित पवार समेत अन्य लोगों की मौत हो गई थी. रोहित पवार ने व्यापक जांच की मांग की है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement