मध्य प्रदेश में इस साल के अंत में होने वाले विधानसभा चुनाव में मुख्यमंत्री पद का दावेदार बनाए जाने पर कांग्रेस महासचिव दिग्विजय सिंह ने कहा कि कांग्रेस में चुनाव से पहले किसी नेता को मुख्यमंत्री घोषित किए जाने की परिपाटी नहीं है.
दिग्विजय सिंह ने शनिवार को ‘प्रेस से मिलिए’ कार्यक्रम में कहा कि कांग्रेस में चुनाव से पहले किसी नेता को मुख्यमंत्री घोषित किए जाने की परिपाटी नहीं है. दिग्विजय सिंह ने कहा कि कांग्रेस की परंपरा रही है कि किसी भी राज्य में चुनाव के बाद चुने हुए विधायक ही अपने नेता का चुनाव करते हैं. एक प्रश्न के उत्तर में दिग्विजय सिंह ने कहा कि मध्य प्रदेश को उनके मुख्यमंत्रित्व काल की अपेक्षा इन दिनों केंद्र से भरपूर राशि मिल रही है. उन्होंने कहा कि यही कारण है कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान प्रदेश में नई-नई घोषणाएं कर रहे हैं.
उन्होंने आरोप लगाया कि अनेक अवसरों पर मध्य प्रदेश सरकार केंद्र सरकार की योजनाओं को नया नाम देती है और फिर इसे अपने नाम से लागू कर देती है.