झारखंड के रांची में एक बार फिर मानवता को शर्मशार करने वाली घटना सामने आई है. यहां एक मेडिकल छात्रा के साथ यौन उत्पीड़न के मामले को लेकर लगातार विरोध प्रदर्शन चल ही रहा था कि एक और शर्मनाक वारदात सामने आ गई है. इस बार एक प्ले स्कूल में पढ़ने वाली तीन साल की मासूम के साथ वैन ड्राइवर द्वारा अश्लील हरकत करने की घटना सामने आई है.
दरअसल रांची के कोतवाली थाना क्षेत्र के एक प्ले स्कूल में पढ़ने वाली 3 साल की मासूम बच्ची के साथ उसके स्कूल वैन के ड्राइवर के द्वारा गलत हरकत की गई. बच्ची ने घर वापस आने के बाद अपनी मां को इशारों इशारों में घटना को बताई. मासूम बच्ची के मुंह से ये सब सुनकर बच्ची की मां और उसके बाप सीधे कोतवाली थाना पहुंचे और आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज करवाया.
रांची के सिटी SP पारस राणा ने बताया कि बच्ची के माता-पिता के बयान पर एफआईआर दर्ज करते हुए पुलिस ने आरोपी वैन ड्राइवर इरफान को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है.
बच्ची की उम्र मात्र 3 साल है ऐसे में सीडब्ल्यूसी के सामने भी वो कुछ बोल नहीं पाई लेकिन माता-पिता के बयान रिकॉर्ड किए गए. इस घटना से पूरे शहर में उबाल है और खासकर लड़कियों के खिलाफ अंजाम दिए जा रहे घटना को लेकर चिंता बढ़ गई है. केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने कहा कि रांची में बेटियों को लगातार टारगेट किया जा रहा है, .मासूम बेटियों तक को दरिंदे नहीं छोड़ रहे हैं. शासन बेटियों के सुरक्षा की गारंटी दे.