झारखंड के लातेहार जिले के हेरहंज थाना क्षेत्र स्थित बरवाटोली गांव के पास शनिवार देर शाम दर्दनाक सड़क हादसा हुआ. यहां दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई.
घटना में मृतकों की पहचान हेरहंज थाना क्षेत्र के तासु गांव निवासी दो सगे भाई मनु भुइयां और गुलाब भुइयां के रूप में हुई है, जबकि तीसरे मृतक की पहचान नहीं हो पाई है. घायलों को तुरंत बालूमाथ सामुदायिक अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है.
बताया गया कि मनु भुइयां, गुलाब भुइयां समेत चार लोग एक ही बाइक पर सवार होकर सरहुल जुलूस में शामिल होने के बाद घर लौट रहे थे. इसी दौरान सामने से आ रही दूसरी बाइक से उनकी जोरदार टक्कर हो गई.
यह भी पढ़ें: झारखंड: लातेहार में शादी की पार्टी से लौट रही बस पलटी, 9 लोगों की मौत, 80 घायल
हादसे में सात लोग हुए घायल
टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बाइक पर सवार सभी सात लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया.
बालूमाथ अस्पताल में जांच के दौरान डॉक्टरों ने तीन युवकों को मृत घोषित कर दिया, जबकि चार अन्य का इलाज जारी है. घायलों में विकास भुइयां, रंजीत भुइयां, कमलेश गंझु और शांति देवी शामिल हैं.
डॉक्टरों के अनुसार, घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है, जिनमें से दो को बेहतर इलाज के लिए रिम्स रेफर किया जा रहा है.
पुलिस जांच और आगे की कार्रवाई
थाना प्रभारी कृष्ण पाल सिंह पवैया ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए घायलों को अस्पताल पहुंचाया. बावजूद इसके तीन लोगों की जान नहीं बचाई जा सकी.
चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. सुरेंद्र कुमार ने भी पुष्टि की कि अस्पताल पहुंचने के बाद जांच में तीन लोगों को मृत पाया गया.
पुलिस ने हादसे में मारे गए लोगों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए लातेहार सदर अस्पताल भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है. वहीं दुर्घटनाग्रस्त दोनों बाइकों को जब्त कर लिया गया है और मामले की जांच जारी है.