रांची के दशम फॉल थाना के चुरगी और सारजमडीह गांव के बीच कांची नदी के किनारे बालू में दफन नाबालिग किशोरी का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया. बताया जा रहा है कि सुबह स्थानीय ग्रामीण कांची नदी किनारे पहुंचे तो उन्होंने एक कुत्ते को लगातार एक जगह बालू खोदते देखा. शक होने पर जब वह पास गए तो बालू के नीचे से मानव शरीर का हिस्सा दिखाई दिया. ग्रामीणों ने तुरंत सूचना दी. पुलिस पहुंची और बालू हटाकर पूरे शव को बाहर निकाला.
पुलिस ने बताया कि मौके पर पहुंची मृतका की मां ने शव की पहचान अपनी बेटी हिस्सी कुमारी (17 वर्ष) के रूप में की है.
परिवार के अनुसार, हिस्सी पिछले कई सालों से अड़की थाना इलाके के बाड़ीगाड़ा गांव में अपने मामा के घर रह रही थी. वह करीब एक हफ्ते से गुमशुदा थी और परिवार के लोग उसकी तलाश कर रहे थे.
मौके पर पहुंचे बुंडू DSP ओमप्रकाश ने शुरुआती जांच के आधार पर हत्या की आशंका जताई है. उन्होंने बताया कि मृतका पिछले बुधवार से लापता थी, लेकिन परिजनों ने पुलिस में गुमशुदगी का मामला दर्ज कराए बिना अपने स्तर पर खोजबीन शुरू की थी.
माना जा रहा है कि अपराधियों ने पहचान छिपाने के लिए शव को यहां दफनाया था. पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है.