scorecardresearch
 

झारखंड में इंसानियत शर्मसार, विवाहिता और युवक को अर्धनग्न कर पूरे गांव में घुमाया, भीड़ बनाती रही VIDEO

पाकुड़ जिले के अमड़ापाड़ा थाना क्षेत्र के बूढ़ीडूबा गांव में विवाहिता और एक युवक को कथित प्रेम संबंध के आरोप में अर्धनग्न कर पूरे गांव में घुमाने का मामला सामने आया है. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने पांच नामजद और 30 से 40 अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

Advertisement
X
विवाहिता और युवक को अर्धनग्न कर गांव में घुमाया. (Photo: Screengrab)
विवाहिता और युवक को अर्धनग्न कर गांव में घुमाया. (Photo: Screengrab)

झारखंड के पाकुड़ जिले के अमड़ापाड़ा थाना क्षेत्र के बूढ़ीडूबा गांव से मानवता को शर्मसार करने वाली एक सनसनीखेज घटना सामने आई है. यहां एक विवाहिता और एक युवक को कथित प्रेम संबंध के आरोप में अर्धनग्न कर पूरे गांव में घुमाया गया. इस दौरान सैकड़ों लोग तमाशबीन बने रहे और घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया. मामले में पुलिस ने पांच नामजद और 30 से 40 अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

प्राप्त जानकारी के अनुसार, विवाहिता के कथित प्रेम संबंध से उसका पति श्रीजल बेसरा नाराज था. आरोप है कि उसने अपने कुछ साथियों के साथ मिलकर अपनी पत्नी और उसके कथित प्रेमी को महिला के मायके से जबरन पकड़ लिया और उन्हें बूढ़ीडूबा गांव ले आया. आरोप है कि गांव ले जाते समय दोनों के कपड़े फाड़ दिए गए. इसके बाद उन्हें अर्धनग्न अवस्था में पूरे गांव में घुमाया गया. घटना के दौरान वहां मौजूद लोगों में से किसी ने भी दोनों की मदद करने की कोशिश नहीं की. कई लोग वीडियो बनाते रहे, जिसे बाद में सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया गया.

गांव के प्रधान के पास रखा गया बंधक

घटना के बाद दोनों को गांव के प्रधान मसी मरांडी के हवाले कर दिया गया. आरोप है कि वहां भी दोनों को बंधक बनाकर रखा गया. बताया गया कि पीड़ित युवक साहेबगंज जिले के बोरियो थाना क्षेत्र का रहने वाला है. इस घटना की जानकारी पुलिस को तीन दिन बाद मिली. सूचना मिलते ही पुलिस बूढ़ीडूबा गांव पहुंची, लेकिन वहां मौजूद उग्र भीड़ के कारण दोनों को तत्काल मुक्त नहीं कराया जा सका. इसके बावजूद पुलिस गांव में लगातार डटी रही.

Advertisement

30 जून को दोनों को कराया गया मुक्त

आखिरकार 30 जून को पुलिस ने दोनों को ग्रामीणों के चंगुल से सुरक्षित मुक्त कराया और अमड़ापाड़ा थाना लेकर आई. इसके बाद दोनों का मेडिकल परीक्षण कराया गया. पीड़िता का बयान भी दर्ज किया गया. 29 जून को एसडीएम साईमन मरांडी और एसडीपीओ विजय कुमार की मौजूदगी में पीड़िता ने पूरी घटना की जानकारी अधिकारियों को दी. पीड़िता के बयान के आधार पर थाना कांड संख्या 49/26 दर्ज किया गया. पुलिस ने पांच नामजद और 30 से 40 अज्ञात लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की है.

पुलिस ने बताया कि मामले की जांच जारी है. आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. पुलिस का कहना है कि कानून के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी. जानकारी के अनुसार, इससे पहले भी आपसी विवाद के कारण एक महिला को निर्वस्त्र कर गांव में घुमाने और उसके साथ मारपीट करने का मामला सामने आया था. उस घटना में महिला की बेटी के साथ भी गलत व्यवहार किए जाने का आरोप लगा था.

आरोपियों की तलाश में छापेमारी

इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आ गया. वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने पूरे मामले को गंभीरता से लिया और जांच शुरू की. यह घटना न केवल महिलाओं की गरिमा पर गंभीर सवाल खड़े करती है, बल्कि कानून व्यवस्था को भी खुली चुनौती देती है. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं.

---- समाप्त ----
रिपोर्ट- कुंदन कुमार परमानिक
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement