झारखंड के देवघर में स्थित एक रिमांड होम में 17 साल की लड़की की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से सनसनी फैल गई है. शुक्रवार को कुंडा थाना क्षेत्र के रिमांड होम परिसर में किशोरी का शव फंदे से लटका मिला. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई.
न्यूज एजेंसी की रिपोर्ट के मुताबिक पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शुरुआती जांच में आत्महत्या का मामला बताया गया है लेकिन मृतका के परिवार ने हत्या की आशंका जताई है. इस कारण पुलिस ने सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए विस्तृत जांच प्रारंभ कर दी है.
फंदे से लटका मिला शव
देवघर के एसपी सौरभ ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने से पहले किसी ठोस निष्कर्ष पर पहुंचना संभव नहीं है. उन्होंने कहा कि रिमांड होम के कर्मचारियों से पूछताछ की जा रही है और परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है.
जानकारी के मुताबिक, मृत लड़की मूल रूप से गोड्डा जिले की रहने वाली थी और पिछले छह महीनों से रिमांड होम में रह रही थी. फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि उसे किस मामले में वहां रखा गया था. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है.
परिजनों ने जताया हत्या का शक
रिमांड होम जैसी सुरक्षित मानी जाने वाली जगह पर इस तरह की घटना ने प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं. परिजनों का कहना है कि उनकी बेटी की हत्या की गई है और मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए.
पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा. फिलहाल पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस हर एंगल से पड़ताल कर रही है.