scorecardresearch
 

सड़क पर बिखरी शराब तो टूट पड़े लोग, पिकअप पलटते ही बोतलें लूटने की मची होड़

झारखंड के चाईबासा-चक्रधरपुर मार्ग पर खूंटपानी गांव के पास शराब से लदा पिकअप पलट गया. हादसे में बीयर और अंग्रेजी शराब की 209 पेटियां सड़क पर बिखर गईं, जबकि सैकड़ों बोतलें टूट गईं. शराब उठाने के लिए जुटे युवकों को पुलिस ने हटाया. उत्पाद विभाग ने करीब आठ लाख रुपये के नुकसान का अनुमान जताया है.

Advertisement
X
आठ लाख के नुकसान का अनुमान.(Photo: Satyajit/ITG)
आठ लाख के नुकसान का अनुमान.(Photo: Satyajit/ITG)

झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले में चाईबासा-चक्रधरपुर मार्ग पर शराब से लदा पिकअप वाहन पलटते ही सड़क पर अफरा-तफरी मच गई. खूंटपानी गांव के पास शुक्रवार देर शाम हुए हादसे में बीयर और अंग्रेजी शराब की 209 पेटियां सड़क पर बिखर गईं. सैकड़ों बोतलें टूटकर चकनाचूर हो गईं. वहीं, सड़क पर शराब बिखरी देखकर कुछ युवक बोतलें उठाने के लिए जुट गए.

दरअसल, यह हादसा एनएच-75ई पर हुआ. जानकारी के मुताबिक, पिकअप वाहन चाईबासा के टुंगरी स्थित शराब गोदाम से शराब लेकर चक्रधरपुर के इतवारी बाजार और मनोहरपुर की ओर जा रहा था. खूंटपानी गांव के पास चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया, जिसके बाद गाड़ी सड़क किनारे पलट गई.

यह भी पढ़ें: पश्चिमी सिंहभूम में पत्थर से कुचलकर 55 वर्षीय शख्स की हत्या, जंगल में फेंका शव

सड़क पर बिखरी शराब, बोतलें उठाने की मची होड़

पिकअप पलटने के बाद शराब की पेटियां और टूटी बोतलें सड़क पर फैल गईं. मौके पर मौजूद कुछ स्थानीय युवक शराब उठाने के लिए पहुंचने लगे. बोतलें ले जाने की होड़ के बीच किसी व्यक्ति ने पुलिस को सूचना दे दी. इसके बाद मौके पर पहुंची मुफस्सिल थाना पुलिस ने स्थिति संभाली.

पुलिस ने शराब उठाने की कोशिश कर रहे युवकों को फटकार लगाई और वहां से हटाया. पुलिस की तत्परता से मौके पर बिगड़ती स्थिति को नियंत्रित किया गया. इसके बाद बची हुई शराब की पेटियों को सुरक्षित किया गया.

Advertisement

शराब की 209 पेटियां क्षतिग्रस्त, आठ लाख के नुकसान का अनुमान

उत्पाद विभाग के अनुसार, दुर्घटना में शराब की बोतलें टूटने और पेटियों के क्षतिग्रस्त होने से लाइसेंसधारी को करीब आठ लाख रुपये का नुकसान होने का अनुमान है. हालांकि, वास्तविक क्षति का आकलन अलग हो सकता है.

यदि शराब का बीमा कराया गया होगा, तो नुकसान की भरपाई में राहत मिल सकती है. अन्यथा इसकी पूरी आर्थिक क्षति लाइसेंसधारी को उठानी पड़ सकती है. फिलहाल पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त पिकअप वाहन को जब्त कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement