जम्मू-कश्मीर के बांदीपोरा में पुलिस ने प्रतिबंधित संगठन इत्तेहाद-उल-मुस्लिमीन से जुड़े एक गुप्त मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया है . पुलिस के मुताबिक यह नेटवर्क पाकिस्तान में बैठे एक हैंडलर के इशारों पर काम कर रहा था और महिलाओं को अलगाववादी विचारधारा और प्रचार से जोड़ने की कोशिश कर रहा था. इस मामले में अब तक छह लोगों को गिरफ्तार किया गया है.
बांदीपोरा पुलिस के मुताबिकस, जांच के दौरान जेल से जुड़े संपर्क, गुप्त बैठकों और अलगाववादी विचारधारा के प्रचार से संबंधित गतिविधियों का पता चला है. पुलिस ने कुछ वित्तीय लेन-देन को भी संदिग्ध बताते हुए फंडिंग लिंक की जांच शुरू की है.
पुलिस का कहना है कि मॉड्यूल से जुड़े लोगों के बीच संपर्क और गतिविधियों की कड़ियां पाकिस्तान स्थित एक हैंडलर तक पहुंचती हैं. हालांकि, इन आरोपों से जुड़े सभी पहलुओं की जांच अभी जारी है.
यह भी पढ़ें: मां ने डांटा, अगली सुबह 21वीं मंजिल से कूद गई 13 साल की किशोरी... पुलिस कर रही जांच
छह लोगों की गिरफ्तारी
इस मामले में बांदीपोरा थाने में FIR दर्ज की गई है. पुलिस ने गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम यानी UAPA की धारा 10 और 13 के तहत केस दर्ज किया है. इस मामले में अब तक कुल 6 लोगों की गिरफ्तारी की गई है. इनमें मुबीना बानो, वहीद अहमद भट, खुशबू जान, मेहक जान, आलिया जान और इरफान अहमद रेशी उर्फ रईस शामिल हैं. इनमें से कई आरोपी बांदीपोरा और कुपवाड़ा जिले के रहने वाले हैं.
आगे भी जारी रहेगी जांच
पुलिस अब इस कथित नेटवर्क के संपर्कों, बैठकों और पैसों के लेन-देन से जुड़े पहलुओं की जांच कर रही है. साथ ही यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इस नेटवर्क से और कितने लोग जुड़े हो सकते हैं.
बांदीपोरा पुलिस ने कहा है कि मामले में आगे की जांच जारी है. जांच पूरी होने के साथ ही इस मॉड्यूल के पूरे नेटवर्क और उसकी गतिविधियों से जुड़े और तथ्य सामने आने की उम्मीद है.