हरियाणा के पंचकूला में स्कूल के अंदर बच्ची से मारपीट का मामला अभी चर्चा में है.इसी बीच सोनीपत के बहालगढ़ स्थित एक प्राइवेट स्कूल से भी सहपाठियों की हिंसा का मामला सामने आया है. यहां 11वीं कक्षा के एक छात्र के साथ 5 सहपाठियों पर मारपीट करने का आरोप है. घायल छात्र के सिर में गंभीर चोट आई है. इलाज के दौरान उसके सिर में टांके लगाए गए. घटना के बाद स्कूल प्रशासन ने पांचों आरोपी छात्रों को सस्पेंड कर दिया है.
घायल छात्र के मुताबिक, स्कूल में खेल-खेल के दौरान सहपाठियों ने पहले उसके सिर को जैकेट से ढंक दिया. इसके बाद उसके साथ मारपीट की गई. हमले में उसके सिर पर गंभीर चोट आई.
घायल छात्र को सोनीपत के सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसके सिर में टांके लगाए. उसका इलाज जारी है.
परिजनों ने स्कूल प्रबंधन पर उठाए सवाल
घटना के बाद छात्र के परिजनों ने स्कूल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाया है. उनका कहना है कि जिस समय छात्र के साथ मारपीट हुई, उस दौरान क्लासरूम में कोई शिक्षक मौजूद नहीं था.
परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि इससे पहले छात्र के भाई के साथ भी मारपीट की गई थी. परिवार ने मामले में आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है.
स्कूल ने पांच छात्रों को किया सस्पेंड
स्कूल के प्रिंसिपल रोमित ने बताया कि घटना के बाद पांचों छात्रों को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया गया है. स्कूल की CCTV फुटेज की जांच की जाएगी. मामले की पड़ताल के लिए अनुशासनात्मक कमेटी भी गठित की जाएगी.
प्रिंसिपल के मुताबिक, कमेटी की जांच में जो छात्र दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ आगे की कार्रवाई की जाएगी.
पुलिस को अभी शिकायत का इंतजार
बहालगढ़ थाना प्रभारी ने फोन पर बताया कि घटना को लेकर पुलिस को कॉल मिली थी, लेकिन छात्र के परिवार की ओर से अभी तक लिखित शिकायत नहीं दी गई है. शिकायत मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.