हरियाणा के हिसार से रिश्तों को झकझोर देने वाली वारदात सामने आई है. यहां पांच साल से लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही एक महिला की उसके बॉयफ्रेंड ने कथित तौर पर चाकू से हत्या कर दी. वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी सीधे पुलिस चौकी पहुंचा और कहा, 'मैंने पूजा का खून कर दिया है. वह किसी और युवक के संपर्क में थी.'
आरोपी की बात सुनकर पुलिस भी हैरान रह गई. पुलिस तत्काल उसे साथ लेकर सूर्यनगर स्थित घर पहुंची. वहां कमरे के अंदर 32 वर्षीय पूजा का शव खून से लथपथ हालत में पड़ा मिला. पुलिस ने तुरंत क्राइम सीन को सील कर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया.
यह भी पढ़ें: हिसार टोल मैनेजर की हत्या की जिम्मेदारी लेने का दावा, सोशल मीडिया पोस्ट में लारेंस बिश्नोई गैंग का नाम
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मृतका पूजा की पहले दो शादियां हो चुकी थीं और उसके तीन बच्चे हैं. दूसरी शादी टूटने के बाद वह पिछले करीब पांच वर्षों से गौरव नाम के युवक के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही थी.
रात तीन बजे हुआ झगड़ा, सुबह कमरे में मिली लाश
पुलिस के मुताबिक, गुरुवार सुबह करीब 10 बजे पड़ोसियों को घटना की जानकारी हुई. सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए.
जांच में पता चला कि देर रात करीब तीन बजे पूजा और गौरव के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था. देखते ही देखते झगड़ा इतना बढ़ गया कि आरोपी ने कथित तौर पर चाकू से पूजा पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया.
महिला के गले, पेट और पीठ पर कई वार किए गए. गंभीर चोटों के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई. वारदात के बाद आरोपी वहां से निकला और खुद पुलिस चौकी पहुंचकर हत्या की जानकारी दी.
'चौथे व्यक्ति से भी था संपर्क', पूछताछ में आरोपी का दावा
पुलिस पूछताछ में आरोपी गौरव ने दावा किया कि पूजा पिछले पांच-छह महीनों से किसी दूसरे युवक के संपर्क में थी. आरोपी के अनुसार, दो शादियां होने के बाद वह उसके साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही थी और अब किसी चौथे व्यक्ति से भी संपर्क में थी. इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ, जिसके बाद उसने हत्या कर दी.
हालांकि, आरोपी के इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि पुलिस ने नहीं की है. जांच एजेंसियां सभी पहलुओं की जांच कर रही हैं और घटनाक्रम से जुड़े साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं.
पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल चाकू भी बरामद कर लिया है. आरोपी को हिरासत में लेकर उससे लगातार पूछताछ की जा रही है.
मां ने लगाए गंभीर आरोप, पुलिस हर एंगल से जांच में जुटी
मृतका की मां संगीता ने आरोपी गौरव पर गंभीर आरोप लगाए हैं. उनका कहना है कि गौरव उनकी बेटी से गलत काम करवाता था. उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी गैरकानूनी धंधों में शामिल था और इसी दौरान उसने शिव नगर में मकान और प्लॉट भी खरीद लिया.
जानकारी के अनुसार, गौरव ई-रिक्शा चलाता है और करीब दो महीने पहले ही शिव कॉलोनी में किराए के मकान में रहने आया था. इसी दौरान उसकी मुलाकात पूजा से हुई और दोनों साथ रहने लगे.
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी हिरासत में है. पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक जांच और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. साथ ही मामले के हर पहलू की गहनता से जांच की जा रही है.