हरियाणा के जटौली (हेली मंडी) स्थित बाबा हरदेव कॉलोनी निवासी 16 वर्षीय छात्र कुणाल ने बुधवार 15 अप्रैल 2026 को शाम करीब 6:00 बजे आत्महत्या कर ली. सीबीएसई 10वीं कक्षा के एग्जाम रिजल्ट में कम नंबर आने की वजह से कुणाल मानसिक रूप से काफी तनाव में था. इसके बाद उसने अपने घर में लगे पंखे से फंदा लगाकर अपनी जिंदगी खत्म कर ली.
मृतक छात्र के पिता जगनमोहन और अन्य परिजन उसे तुरंत सरकारी अस्पताल पटौदी लेकर पहुंचे. वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद छात्र को मृत घोषित कर दिया. जानकारी मिलने पर स्थानीय पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर शव को अपने कब्जे में लिया.
पुलिस ने इस मामले में जरूरी कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है. एग्जाम के दबाव में एक छात्र द्वारा उठाए गए इस कदम से जटौली क्षेत्र में सन्नाटा पसरा हुआ है.
पुलिस की कार्रवाई
घटना के तुरंत बाद जब कुणाल को अस्पताल ले जाया गया, तो वहां मौजूद डॉक्टरों ने उसे बचाने की कोशिश की लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी. डॉक्टरों की आधिकारिक घोषणा के बाद पुलिस को इस मामले की जानकारी दी गई. मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने घटनास्थल का मुआयना किया और परिजनों के बयान दर्ज किए हैं.
यह भी पढ़ें: हरियाणा से फैली फेक न्यूज, उकसावे में आए कर्मचारी... कमेटी ने गिनाईं नोएडा हिंसा-आगजनी की वजह
जटौली की बाबा हरदेव कॉलोनी में रहने वाला छात्र कुणाल सीबीएसई बोर्ड का छात्र था. स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, 10वीं के नतीजों में उम्मीद से कम नंबर आना उसकी मानसिक परेशानी की मुख्य वजह बना. परिणाम घोषित होने के बाद से ही वह परेशान दिख रहा था. आखिरकार, उसने इतना बड़ा कदम उठा लिया.
शिक्षा और बेहतर भविष्य की दौड़ में बच्चों पर बढ़ते दबाव का यह एक भयावह उदाहरण है. कुणाल की मौत की खबर फैलते ही आसपास के लोग और सहपाठी उसके घर पर इकट्ठा हो गए. हर कोई इस होनहार छात्र की मौत से चिंतित है और इलाके में बेहद गमगीन माहौल बना हुआ है.