गुरुग्राम के गढ़ी हरसरू गांव में 23 वर्षीय नर्स काजल की हत्या के मामले में सनसनीखेज खुलासा हुआ है. पुलिस जांच में सामने आया है कि उसके पति अरुण शर्मा ने ही एनेस्थीसिया की भारी डोज देकर उसकी हत्या की थी. गुरुग्राम पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा किया है.
जानकारी के मुताबिक, काजल और अरुण शर्मा की शादी करीब चार महीने पहले नवंबर 2025 में लव कम अरेंज मैरिज हुई थी. शुरुआती जांच में सामने आया है कि अरुण एक निजी अस्पताल में लैब टेक्नीशियन के रूप में काम करता था, जहां उसकी मुलाकात काजल से हुई थी.
दोनों के बीच प्रेम संबंध बना और बाद में परिवार की सहमति से शादी हो गई. लेकिन शादी के कुछ ही दिनों बाद काजल को पता चला कि अरुण को स्मैक जैसे नशे की गंभीर लत है, जिसे वह उससे छुपा रहा था.
यह भी पढ़ें: नो डिलीवरी, नो एंट्री! गुरुग्राम की सोसायटी में बकाया पर सख्ती, डिफॉल्टरों के नाम सार्वजनिक
हत्या की वारदात
पुलिस के अनुसार, 18 मार्च की सुबह अरुण शर्मा ने काजल को एनेस्थीसिया की भारी डोज का इंजेक्शन दिया. इसके बाद वह मौके से फरार हो गया. घटना के समय काजल घर में अकेली थी.
कुछ समय बाद जब परिजन कमरे में पहुंचे तो काजल जमीन पर पड़ी हुई मिली और उसकी नाक से खून बह रहा था. परिजन तुरंत उसे अस्पताल लेकर पहुंचे.
अस्पताल में इलाज के दौरान काजल की मौत हो गई. इस घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया और मामले की सूचना पुलिस को दी गई.
पुलिस कार्रवाई
सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और संदेह के आधार पर पति अरुण शर्मा को हिरासत में लिया. पूछताछ के दौरान पूरे मामले का खुलासा हुआ.
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है. इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है.