Karwa Chauth Sargi Thali: करवा चौथ का व्रत सुहागिन महिलाओं के लिए बेहद खास माना जाता है. इस दिन महिलाएं अपने पति की लंबी उम्र और सुखी वैवाहिक जीवन की कामना के साथ निर्जला व्रत रखती हैं. व्रत की शुरुआत सूर्योदय से पहले सरगी खाने से होती है. सास अपनी बहू को सरगी की थाली देती है, जिसमें फल, मिठाई, मेवे समेत कई चीजें शामिल होती हैं. हालांकि, सरगी की थाली में कुछ चीजें ऐसी भी हैं, जिन्हें शामिल जरूर करना चाहिए. ऐसे में आइए जानते हैं सरगी से जुड़ी इन मान्यताओं के बारे में और जानें व्रत शुरू करने से पहले थाली में कौन-कौन सी चीजें रखनी चाहिए.
सरगी देने की परंपरा कैसे शुरू हुई?
पौराणिक मान्यताओं में माता पार्वती को सुहाग और वैवाहिक जीवन का प्रतीक माना जाता है. करवा चौथ का व्रत भी पति की लंबी उम्र और सुखी दांपत्य जीवन की कामना के लिए रखा जाता है. कुछ प्रचलित कथाओं में बताया गया है कि व्रत से पहले माता पार्वती की मां मैना देवी ने उन्हें भोजन कराया था. कुछ लोग इसी कथा को सरगी की परंपरा से जोड़कर देखते हैं. इस रस्म में मां या सास अपनी बेटी या बहू को सरगी देती हैं. वहीं, एक अन्य प्रचलित कथा के अनुसार, द्रौपदी ने पांडवों की लंबी उम्र और कुशलता की कामना के लिए व्रत रखा था. कहा जाता है कि उनकी सास कुंती ने व्रत से पहले उन्हें भोजन दिया था.
सरगी की थाली में क्या-क्या रखना चाहिए?
फल: सरगी की थाली में सेब, केला, अनार और दूसरे मौसमी फल रख सकते हैं. ये शरीर को जरूरी पोषक तत्व देते हैं.
मेवे: बादाम, काजू, किशमिश और अखरोट जैसे मेवे शामिल करें. इन्हें खाने से शरीर को ऊर्जा मिलती है.
मिठाई: सरगी में लड्डू, बर्फी या घर में बनी मिठाई रख सकते हैं. कई परिवारों में मिठाई शामिल करने की परंपरा है.
सेवई या हल्का नाश्ता: कुछ घरों में सरगी के समय दूध वाली सेवई खाने का रिवाज है. इसके अलावा अपनी पसंद का हल्का नाश्ता भी रख सकते हैं.
मठरी या नमकीन: सरगी की थाली में थोड़ी मठरी या नमकीन भी शामिल कर सकते हैं. इससे खाने में स्वाद बढ़ जाता है.
पानी और दूध: व्रत शुरू करने से पहले पर्याप्त पानी जरूर पिएं. इसके अलावा दूध या कोई दूसरा पसंदीदा चीज भी ले सकते हैं, ताकि दिनभर शरीर में पानी की कमी न हो.
सरगी खाते समय किन बातों का रखें ध्यान?
सरगी खाने के बाद महिलाएं पूरे दिन व्रत रखती हैं. ऐसे में सूर्योदय से पहले अच्छा और पौष्टिक खाना खाना जरूरी है. सरगी में फल, मेवे और दूसरी पौष्टिक चीजें शामिल करें. ज्यादा तला-भुना या नमकीन खाना खाने से बचें, क्योंकि इससे प्यास ज्यादा लग सकती है. व्रत शुरू करने से पहले पर्याप्त पानी भी पिएं. अगर किसी महिला को डायबिटीज है, वह गर्भवती है या उसे कोई दूसरी स्वास्थ्य समस्या है, तो निर्जला व्रत रखने से पहले डॉक्टर की सलाह जरूर लें. व्रत के साथ अपनी सेहत का ध्यान रखना भी जरूरी है.