scorecardresearch
 

गुरुग्राम में बांग्लादेशी घुसपैठियों पर बड़ा एक्शन, झुग्गियों से होटलों तक चला मेगा सर्च ऑपरेशन

गुरुग्राम पुलिस ने अवैध रूप से रह रहे बांग्लादेशी नागरिकों और घुसपैठियों की पहचान के लिए विशेष अभियान शुरू किया है. झुग्गी-झोपड़ियों, किराए के मकानों, औद्योगिक क्षेत्रों और होटलों में सघन जांच की जा रही है. पुलिस ने लोगों से किराएदारों और कर्मचारियों का सत्यापन कराने तथा संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत देने की अपील की है.

Advertisement
X
गुरुग्राम में घुसपैठियों की तलाश में जुटी. (Photo: Representational)
गुरुग्राम में घुसपैठियों की तलाश में जुटी. (Photo: Representational)

हरियाणा की साइबर सिटी गुरुग्राम में राष्ट्रीय सुरक्षा और कानून व्यवस्था को मजबूत करने के लिए पुलिस ने अवैध रूप से रह रहे बांग्लादेशी नागरिकों और घुसपैठियों के खिलाफ बड़ा अभियान शुरू किया है. गुरुग्राम पुलिस द्वारा चलाए जा रहे इस विशेष चेकिंग और सत्यापन अभियान के तहत शहर के विभिन्न इलाकों में व्यापक स्तर पर जांच की जा रही है.

पुलिस ने साफ कर दिया है कि जिन लोगों के पास वैध दस्तावेज नहीं पाए जाएंगे या जो भारत में वैध रूप से रहने का प्रमाण नहीं दे सकेंगे, उनके खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी. इस अभियान की निगरानी पुलिस उपायुक्त मानेसर सुश्री प्रबीना कर रही हैं. उनके नेतृत्व में 9 जून 2026 को पुलिस टीमों ने शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में विशेष जांच अभियान चलाया. इस दौरान झुग्गी-झोपड़ियों, रिहायशी कॉलोनियों, किराए के मकानों, औद्योगिक क्षेत्रों और होटलों में सघन जांच की गई.

पुलिस का मुख्य फोकस ऐसे लोगों की पहचान करना है जिनके दस्तावेज संदिग्ध हैं या जो अपनी पहचान और निवास संबंधी वैध जानकारी उपलब्ध नहीं करा पा रहे हैं. जांच के दौरान ऐसे मामलों को विशेष रूप से चिन्हित किया जा रहा है. गुरुग्राम पुलिस ने इस अभियान में आम लोगों और रेजिडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशनों से सहयोग की अपील भी की है. पुलिस का कहना है कि नागरिक अपने घरों में रहने वाले किराएदारों, घरेलू सहायकों, कर्मचारियों और संस्थानों में कार्यरत स्टाफ का पुलिस सत्यापन अवश्य कराएं. इससे सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने में मदद मिलेगी.

Advertisement

DCP मानेसर प्रबीना के नेतृत्व में चला विशेष अभियान

पुलिस ने लोगों से यह भी कहा है कि यदि उनके आसपास कोई संदिग्ध या अवैध विदेशी नागरिक दिखाई देता है तो उसकी सूचना तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम नंबर 112 या नजदीकी पुलिस थाने को दें. पुलिस का कहना है कि नागरिकों की एक सही सूचना सुरक्षा व्यवस्था के लिए महत्वपूर्ण साबित हो सकती है.

अभियान के बीच गुरुग्राम पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया है कि किसी भी वैध भारतीय नागरिक या वैध दस्तावेजों के साथ रह रहे विदेशी नागरिक को अनावश्यक रूप से परेशान नहीं किया जाएगा. जांच के दौरान आम लोगों की सुविधा और अधिकारों का पूरा ध्यान रखा जा रहा है.

अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ भी होगी सख्त कार्रवाई

पुलिस ने सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों पर इस अभियान को लेकर झूठी या भ्रामक जानकारी फैलाने वालों को भी चेतावनी दी है. अधिकारियों का कहना है कि अफवाह फैलाने वाले लोगों के खिलाफ कानून के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी. गुरुग्राम पुलिस का कहना है कि राष्ट्रीय सुरक्षा और जनहित को ध्यान में रखते हुए यह अभियान आगे भी जारी रहेगा. पुलिस का उद्देश्य शहर में रहने वाले सभी लोगों की पहचान और सत्यापन सुनिश्चित करना तथा कानून व्यवस्था को मजबूत बनाए रखना है.
 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement