scorecardresearch
 

हरियाणा पहुंची नोएडा की आग...फरीदाबाद में हजारों कर्मचारी सड़क पर, काम पूरी तरह बंद

नोएडा में सैलरी और कामकाजी हालात को लेकर भड़का कर्मचारियों का प्रदर्शन अब हरियाणा तक पहुंच गया है. सेक्टर-62 में आगजनी और तोड़फोड़ के बाद फरीदाबाद में भी हजारों मजदूर हड़ताल पर उतर आए. पुलिस मौके पर तैनात है, लेकिन कर्मचारियों का गुस्सा थमता नजर नहीं आ रहा है.

Advertisement
X
फरीदाबाद में प्रदर्शन (Photo: itg)
फरीदाबाद में प्रदर्शन (Photo: itg)

उत्तर प्रदेश के नोएडा में सैलरी बढ़ाने और कामकाजी हालात सुधारने की मांग को लेकर शुरू हुआ कर्मचारियों का विरोध अब उग्र होता जा रहा है. सोमवार सुबह सेक्टर-62 में प्रदर्शनकारियों ने जमकर तोड़फोड़ और आगजनी की, जिससे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया.

फरीदाबाद पहुंची प्रदर्शन की आग

प्रदर्शन की यह लहर अब हरियाणा तक पहुंच गई है. फरीदाबाद के सेक्टर-37 में भी बड़ी संख्या में कामगार सड़कों पर उतर आए हैं. बताया जा रहा है कि मदरसन कंपनी के हजारों कर्मचारी काम बंद कर हड़ताल पर बैठ गए हैं. इसके अलावा अन्य कंपनियों के मजदूर भी काम छोड़कर प्रदर्शन में शामिल हो गए.

कंपनियों की कथिक मनमानी और वेतन में देरी

कंपनी प्रबंधन की कथित मनमानी, वेतन में देरी और अन्य गड़बड़ियों के विरोध में चल रहे प्रदर्शन में शामिल कर्मचारियों का कहना है कि वे काफी समय से सैलरी बढ़ाने और कार्यस्थल की परिस्थितियां बेहतर करने की मांग कर रहे हैं. उनका आरोप है कि महंगाई बढ़ने के बावजूद मौजूदा वेतन में गुजारा करना उनके लिए मुश्किल हो गया है.

हालात पर नजर बनाए है पुलिस

Advertisement

कर्मचारियों का आरोप है कि कंपनी प्रबंधन और श्रम विभाग उनकी समस्याओं को नजरअंदाज कर रहे हैं. वेतन वृद्धि और बेहतर कार्य परिस्थितियों की मांग लंबे समय से लंबित है, जिससे कर्मचारियों में नाराजगी बढ़ती जा रही है. स्थिति को देखते हुए पुलिस मौके पर पहुंच गई है और हालात पर नजर बनाए हुए है. प्रशासन की कोशिश है कि प्रदर्शन शांतिपूर्ण तरीके से समाप्त हो, लेकिन फिलहाल कर्मचारियों का आक्रोश कम होता नजर नहीं आ रहा है.

गुरुग्राम में भी हुआ था प्रोटेस्ट
 
बताते चलें के नोएडा से पहले ये सब हरियाणा से ही शुरू हुआ था.  यहां गुरुग्राम के औद्योगिक क्षेत्र IMT मानेसर में भी कर्मचारियों ने हाल के दिनों में जोरदार प्रदर्शन किया था. तब हालात को देखते हुए जिला प्रशासन ने क्षेत्र में धारा 163 लागू कर दी थी. जानकारी के मुताबिक, बड़ी संख्या में हड़ताली कर्मचारी अपनी मांगों को लेकर सड़कों पर उतरे थे. पुलिस प्रशासन ने उन्हें समझाने और मौके से हटने की चेतावनी दी, लेकिन प्रदर्शनकारी अपने रुख पर अड़े रहे. स्थिति बिगड़ती देख पुलिस ने हल्का बल प्रयोग करते हुए लाठीचार्ज किया, जिसके बाद भीड़ को तितर-बितर किया गया.




 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement