फरीदाबाद के सेक्टर-21C में धनतेरस की रात एक मामूली पार्किंग विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया. गाड़ी खड़ी करने को लेकर हुए झगड़े में एक शख्स की गोली मारकर हत्या कर दी गई. आरोप है कि पड़ोस में रहने वाले एक व्यक्ति ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल से ताबड़तोड़ 15 से 16 राउंड फायरिंग की. इनमें से 8 से 9 गोलियां परमजीत धनकड़ को लगीं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई. वारदात के बाद आरोपी अपने परिवार के साथ फरार हो गया.
मृतक परमजीत धनकड़ मूल रूप से हिसार के रहने वाले थे. वह एक बड़ी नेशनल कंपनी में कार्यरत थे और काम के सिलसिले में सिंगापुर में रहते थे. परिवार में खुशियों का माहौल था, क्योंकि परमजीत अपने भांजे की शादी में शामिल होने के लिए दो दिन पहले ही फरीदाबाद लौटे थे. 24 नवंबर को उनके भांजे की शादी होनी थी. लेकिन शादी की खुशियां मातम में बदल गईं.
जानकारी के मुताबिक, परमजीत सेक्टर-21C के मकान नंबर 641 की पहली मंजिल पर पत्नी, बेटे और बेटी के साथ रहते थे. धनतेरस की रात करीब 8 बजे वह जिम से घर लौटे थे. इसी दौरान पार्किंग में गाड़ी खड़ी करने को लेकर तीसरी मंजिल पर रहने वाले पड़ोसी मोहन उर्फ मोनू शर्मा से उनका विवाद हो गया. देखते ही देखते कहासुनी इतनी बढ़ गई कि आरोपी ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल निकाल ली और परमजीत पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं.
पहले भी हो चुका था दोनों परिवारों के बीच विवाद
पुलिस के मुताबिक दोनों परिवारों के बीच पहले से ही विवाद चल रहा था. करीब पांच दिन पहले भी आरोपी ने परमजीत के बेटे के साथ कुत्ते को लेकर गाली-गलौज की थी. हालांकि, इस बार पार्किंग को लेकर शुरू हुआ विवाद जानलेवा साबित हुआ. आरोप है कि मोहन उर्फ मोनू ने 15 से 16 राउंड फायरिंग की, जिनमें 8 से 9 गोलियां परमजीत को लगीं.
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, क्राइम ब्रांच और एफएसएल की टीमें मौके पर पहुंचीं. घटनास्थल से खाली कारतूस बरामद किए गए हैं. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए ईएसआई मेडिकल कॉलेज भेजने की प्रक्रिया शुरू की है. थाना प्रभारी पहलाद कुमार के मुताबिक, आरोपी की तलाश की जा रही है.
जिस घर में कुछ दिनों बाद भांजे की शादी की शहनाइयां गूंजनी थीं, वहां अब मातम पसरा है. शादी में शामिल होने के लिए विदेश से घर लौटे परमजीत की जिंदगी पड़ोसियों के बीच हुए एक विवाद ने छीन ली.