scorecardresearch
 

पति बना प्रेम में रोड़ा, पत्नी ने भतीजे के साथ मिलकर उतारा मौत के घाट

हरियाणा के पानीपत के गढ़सरनाई गांव में मदन हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. जांच में सामने आया कि पत्नी पिंकी ने प्रेमी भतीजे विशाल के साथ मिलकर पति की हत्या की साजिश रची थी. दोनों ने पहले मदन को खीर में नींद की गोलियां खिलाईं, फिर कीटनाशक पिलाकर लोहे की पाइप से हमला किया और गला घोंटकर हत्या कर दी.

Advertisement
X
पानीपत हत्याकांड का पुलिस ने किया खुलासा. (Photo: Representational )
पानीपत हत्याकांड का पुलिस ने किया खुलासा. (Photo: Representational )

हरियाणा के पानीपत जिले के गढ़सरनाई गांव में हुए मदन हत्याकांड की ब्लाइंड मर्डर मिस्ट्री का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. जांच में सामने आया कि मृतक की पत्नी पिंकी ने प्रेम प्रसंग के चलते अपने भतीजे विशाल के साथ मिलकर पति की हत्या की साजिश रची थी. थाना सेक्टर-13/17 पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. पूछताछ में दोनों ने हत्या की बात स्वीकार कर ली.

पुलिस पूछताछ में दोनों ने कबूल किया जुर्म
मामले की शुरुआत मृतक की मां केला देवी की शिकायत से हुई. उन्होंने पुलिस को बताया कि 7 जून की रात उनका बेटा मदन खाना खाने के बाद घर पर सो गया था. देर रात करीब ढाई बजे मदन के फोन से उनके पास कॉल आया. पोते ने बताया कि उसके पिता बोल नहीं रहे हैं. सूचना मिलते ही वह बड़े बेटे राजेंद्र के साथ मौके पर पहुंचीं, जहां बरामदे में चारपाई पर मदन का शव पड़ा मिला. शरीर और सिर पर चोट के निशान थे. अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. इसके बाद पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की.

जांच के दौरान पुलिस ने परिवार के सदस्यों से पूछताछ की. संदेह होने पर मृतक की पत्नी पिंकी से सख्ती से पूछताछ की गई, जिसमें उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया. उसने बताया कि पति मदन शराब पीकर अक्सर उसके और बेटे के साथ मारपीट करता था. इसी दौरान उसकी बातचीत जेठ के बेटे विशाल से होने लगी और दोनों के बीच प्रेम संबंध बन गए. जब मदन को इस रिश्ते का शक हुआ तो उसने कुछ दिन पहले विशाल के साथ मारपीट भी की थी. इसके बाद दोनों ने मदन को रास्ते से हटाने की योजना बनाई.

Advertisement

शक न हो इसलिए रोने का नाटक करने लगी थी पत्नी
पुलिस के अनुसार साजिश के तहत 7 जून की रात पिंकी ने मदन को खीर में नींद की गोलियां मिलाकर खिला दीं. इसके बाद उसने विशाल को घर बुलाया. रात करीब साढ़े बारह बजे विशाल छत के रास्ते घर में दाखिल हुआ. दोनों ने मदन को सहारा देकर बरामदे में चारपाई पर लिटाया और उसके हाथ-पैर बांध दिए. इसके बाद विशाल ने उसका मुंह पकड़ लिया और पिंकी ने उसके मुंह में कीटनाशक डाल दिया. जब मदन ने विरोध करने की कोशिश की तो विशाल ने लोहे की पाइप से उसके सिर पर वार कर दिया और बाद में गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी.

वारदात के बाद विशाल अपने घर चला गया और हत्या में इस्तेमाल सामान छिपा दिया. वहीं पिंकी ने किसी को शक न हो, इसलिए रोने का नाटक किया और बेटे से कहा कि ताऊ को फोन कर बताए कि उसके पिता की तबीयत बिगड़ गई है. डीएसपी सतीश वत्स ने बताया कि पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त रस्सी और कीटनाशक बरामद कर लिया है. दोनों को अदालत में पेश किया गया, जहां से आरोपी पिंकी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया, जबकि विशाल को आगे की पूछताछ के लिए एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है. मामले की जांच जारी है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement