scorecardresearch
 

गुजरात में पहली बार मिला दो सिर वाला सांप... एक शरीर और दो दिमाग वाली ये कहानी हैरान कर देगी

सामने एक सांप हो और उसके दो सिर हों. गुजरात के दाहोद में इन दिनों लोगों की नजर ऐसे ही एक दुर्लभ सांप पर पड़ी है. दावा है कि गुजरात में दो सिर वाले सांप का यह पहला मामला है. आखिर एक ही शरीर को दो दिमाग कैसे संभालते हैं और ऐसा सांप बनता कैसे है? इसकी कहानी प्रकृति के एक बेहद दुर्लभ बदलाव से जुड़ी है.

Advertisement
X
प्रकृति के दुर्लभ बदलाव से जुड़ी है कहानी. (Photo: Screengrab)
प्रकृति के दुर्लभ बदलाव से जुड़ी है कहानी. (Photo: Screengrab)

सामने एक सांप हो और उसके दो सिर दिखाई दें, तो पहली नजर में यकीन करना मुश्किल होगा. गुजरात के दाहोद में ऐसा ही एक दुर्लभ सांप मिला है. दावा है कि राज्य में दो सिर वाले सांप का यह पहला मामला है. हैरानी की बात ये है कि दोनों सिरों के अपने अलग-अलग दिमाग और तंत्रिका तंत्र हैं. यानी एक शरीर, लेकिन उसे चलाने के लिए दो दिमाग. अब सवाल है कि ये सांप बना कैसे और दोनों सिर एक ही शरीर को कैसे संभालते हैं?

सांप का एक ही शरीर और दो सिर. पहली नजर में इसे देखकर किसी को भी हैरानी हो सकती है. आखिर ऐसा कैसे हो सकता है? तो पहले ये जान लीजिए कि मामला कोई फिल्मी कहानी नहीं है. यह प्रकृति में होने वाली एक बेहद दुर्लभ स्थिति है. दावा किया जा रहा है कि गुजरात में दो सिर वाले सांप के मिलने का यह पहला मामला है.

इससे पहले भारत में दो कोबरा और दो वुल्फ स्नेक में ऐसी विकृति देखी गई थी. अब असली सवाल. एक सांप के दो सिर बनते कैसे हैं? इसके पीछे जेनेटिक म्यूटेशन यानी आनुवंशिक बदलाव को वजह माना जाता है. विज्ञान की भाषा में इसे बायसेफली कहा जाता है. सांप जब भ्रूण के रूप में विकसित हो रहा होता है, उसी दौरान उसके शरीर के सिर वाले हिस्से के विकास में असामान्य बदलाव हो जाता है.

Advertisement

Two Headed Snake Found In Gujrat Fifth Case one body two minds story

नतीजा ये कि एक शरीर के साथ दो सिर विकसित हो जाते हैं. लेकिन कहानी यहां और दिलचस्प हो जाती है. दो सिर हैं तो क्या दोनों एक ही दिमाग से काम करते हैं? नहीं. इस सांप के दोनों सिरों के अपने-अपने दिमाग और तंत्रिका तंत्र होते हैं. यानी एक ही शरीर में दो अलग-अलग दिमाग. 

अब जरा सोचिए, सांप को आगे जाना है. एक सिर एक तरफ मुड़ना चाहता है. दूसरा सिर दूसरी तरफ. तो शरीर किसकी बात मानेगा? यही इस तरह के जीवों के लिए बड़ी चुनौती बन जाती है. खाने के मामले में भी दोनों सिरों के बीच प्रतिस्पर्धा हो सकती है. दिशा को लेकर भी दोनों अलग-अलग प्रतिक्रिया दे सकते हैं. और शायद यही वजह है कि प्राकृतिक माहौल में ऐसे जीवों का जीवनकाल आमतौर पर कम होता है. क्योंकि जंगल या खुले वातावरण में सांप के सामने खतरे कम नहीं होते. ऐसे में एक ही शरीर के दो सिरों का अलग-अलग तरीके से प्रतिक्रिया करना उसके लिए मुश्किल पैदा कर सकता है.

यह भी पढ़ें: केंचुआ पकड़ने का अनोखा कॉम्पिटिशन, 30 मिनट में 567 केंचुए पकड़कर बच्ची ने बनाया रिकॉर्ड

दाहोद में मिला ये सांप सिर्फ इसलिए चर्चा में नहीं है कि इसके दो सिर हैं. ये एक वुल्फ स्नेक है. और वुल्फ स्नेक इंसानों के लिए हानिकारक नहीं होता. आमतौर पर यह घरों के आसपास मिलने वाली छिपकलियों और छोटे जीवों को खाता है. यानी जिस सांप को देखकर लोग आज हैरान हो रहे हैं, उसकी सामान्य भूमिका हमारे आसपास के इकोसिस्टम में अहम है.

Advertisement

यह छोटे जीवों की संख्या को कंट्रोल रखने में मदद करता है. अब दाहोद में इस दुर्लभ सांप को देखने के लिए स्थानीय लोगों और पर्यावरण प्रेमियों में उत्सुकता है. और उत्सुकता होना भी स्वाभाविक है. देश में भी ऐसे मामले गिने-चुने ही हैं. एक शरीर. दो सिर. दो दिमाग. और दोनों को मिलकर एक ही शरीर चलाना है.

प्रकृति कभी-कभी ऐसी चीजें दिखा देती है, जिन्हें देखकर विज्ञान की किताबों में पढ़ी बातें भी अचानक आंखों के सामने जिंदा हो जाती हैं. दाहोद का ये दो सिर वाला सांप भी कुछ ऐसा ही है. इसे देखकर सवाल सिर्फ ये नहीं उठता कि सांप के दो सिर कैसे बन गए. सवाल ये भी है कि जब दोनों सिरों का अपना दिमाग है, तो एक ही शरीर में आखिर फैसला किसका चलता है? शायद यही इस दुर्लभ सांप की सबसे दिलचस्प कहानी है.

---- समाप्त ----
(रिपोर्ट: गोस्वामी ध्रुव गिरी अजय गिरी)
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement